लखनऊ (हि.स.)। आशियाना थाना क्षेत्र के सेक्टर एक में रहने वाली अपर निजी सचिव के पति एवं पीडब्ल्यूडी के कर्मचारी सर्वेश को मोटर साइकिल सवार बदमाशों ने मंगलवार को उनके घर के बाहर गोली मार दी। गोली से एक बदमाश भी घायल हुआ है। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया।
प्रभारी निरीक्षक केशव कुमार तिवारी ने बताया कि मूलरूप से बछरावां रायबरेली का रहने वाला सर्वेश कुमार पीडब्ल्यूडी में क्लर्क हैं। उनकी पत्नी ममता रानी सचिवालय में अपर निजी सचिव हैं। दम्पति का सात साल का बेटा है।
ममता ने बताया कि मंगलवार को वह अपनी स्कूटी दरवाजे के बाहर साफ कर रहे थे। इसी दौरान मोटर साइकिल पर सवार दो बदमाश वहां पहुंचे और सर्वेश को गोली मार दी। गोली सर्वेश के पेट और सीने के बीच में लगी है। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पीडब्ल्यूडी कर्मचारी को गोली मारने वाले हमलावर शैलेंद्र भी गोली से घायल हुआ है। घायल हालत में वह थाने पहुंचा, जहां पुलिसकर्मियों ने उसे इलाज के लिए उसे ट्रॉमा सेंटर भेज दिया।
एडीसीपी पूर्वी सैयद मोहम्मद कासिम आबिदी के मुताबिक, शैलेंद्र के हाथ में गोली लगी है। उसने पुलिस के सामने सर्वेश को गोली मारने की बात को स्वीकारी है। दोनों घायलों का इलाज ट्रामा सेंटर में चल रहा है।आरोपित शैलेन्द्र रिटायर्ड फौजी बताया जा रहा है। पुलिस ने सभी बिन्दुओं पर जांच शुरु कर दी।
