लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कार्यालय में विधानसभा चुनाव 2022 के लिए बन रहे चुनावी वार रुम की तैयारी अंतिम दौर में पहुंच गयी है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की देख-रेख में बन रहे चुनावी वार रुम का सोमवार को पूर्व विधायक व प्रदेश कोषाध्यक्ष सतीश अजवानी ने निरीक्षण किया।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा के निर्देश से माल एवेन्यू स्थित युवक कांग्रेस कार्यालय में वार रुम तैयार हो रहा है। इसमें टेबल फिडिंग, विद्युत वायरिंग, शौचालय, एसी, डेस्क, मीटिंग एरिया का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। अभी कम्प्यूटर सिस्टम नहीं लगा है, जिसे जल्द ही लगाया जायेगा। चुनावी वार रुम की प्रत्येक सामग्री लगने की जानकारी कांग्रेस मुख्यालय को दी जा रही है और इसके लिए प्रदेश अध्यक्ष सहित पांच नेताओं को लगाया गया है।
विधानसभा चुनाव 2022 की तैयारियों के लिए कांग्रेस के सोशल मीडिया टीम भी तैयार हो गयी है। चुनावी वार रुम में नई दिल्ली मुख्यालय से भी कुछ चेहरों को रखा जाएगा। वार रुम में सोशल गतिविधियों के लिए व्यूह रचना की जा रही है। पूरी कमान प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने हाथों में रखा है। प्रदेश के सक्रिय नौजवान चेहरों को भी वार रुम से जोड़ा जाएगा।
