गाजियाबाद (हि.स.)। जब से बांग्लादेशियों और रोहिंग्या विदेशी नागरिकों के खिलाफ जिला प्रशासन ने धरपकड़ अभियान चलाया है। इसके बाद से फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले जनपद में सक्रिय हो गये हैं। ऐसे ही फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले दो शातिर अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक नगर द्वितीय ज्ञानेंद्र सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि टीला मोड़ पुलिस ने फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 12 से अधिक फर्जी आधार कार्ड और एक मोहर भी बरामद हुई है। पुलिस का कहना है कि यह लोग पैसे के लालच में फर्जी दस्तावेजों से विदेशी नागरिकों के आधार कार्ड बनवाते हैं। पकड़े गए आरोपियों के नाम प्रमोद व रूपेश हैं, दोनों पंचशील कॉलोनी के निवासी हैं।
पुलिस अधीक्षक नगर द्वितीय ने बताया कि जब से विदेशी नागरिकों के खिलाफ धरपकड़ शुरू हुई है। इसके बाद से ही फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले गैंग सक्रिय हुए हैं। खुफिया विभाग काफी समय से इस प्रकार के जालसाजों के खिलाफ अभियान चलाए हुए हैं। उन्हीं के इनपुट से आज इन दोनों की गिरफ्तारी हुई है। अभियुक्तों से विस्तृत पूछताछ की जा रही हैं और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इन लोगों ने अब तक कितने लोगों का फर्जी आधार कार्ड बनाया है।
