Monday, April 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशरोहनिया मौनी बाबा के कुटिया में रहने वाले सूर्यबली की हत्या, पुलिस...

रोहनिया मौनी बाबा के कुटिया में रहने वाले सूर्यबली की हत्या, पुलिस छानबीन में जुटी

वाराणसी(हि.स.)। रोहनिया थाना क्षेत्र के छितौनी गांव स्थित कान्हा उपवन के पास मौनी बाबा की कुटिया में रहने वाले 65 वर्षीय सूर्यबली यादव (बाबाजी) की बुधवार देर रात धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी गुरूवार को पुलिस को हुई तो अफसर मौके पर पहुंच कर छानबीन में जुट गये।

छितौनी गांव के ग्रामीणों ने बताया कि खनांव के रहने वाले सूर्यबली यादव पिछले 20 वर्षो से मौनी बाबा की कुटिया में रहकर पूजा पाठ करते थे। सुबह गांव के कुछ लोग शौच कर घर लौट रहे थे तो सूर्यबली यादव का रक्तरंजित शव देख पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी पर खनाव गांव से मृतक सूर्यबली के परिजन और पड़ोसी भी वहां पहुंच गये।

पूछताछ में निकट रहने वाले ग्रामीण धर्मेंद्र मिश्र ने बताया कि शाम को सूर्यबली यादव कुटिया के अंदर बने कमरे में सोने चले गए। रात में करीब नौ बजे के आसपास उनकी नींद खुली तो वहां अक्सर आने वाला एक आदमी कुछ लोगों के साथ चबूतरे पर बैठा था। जिसको सूर्यबली ने डंडे से मारा और फालतू लोगों को बैठाने के लिए डांटने लगे। इसके कुछ देर बाद चिल्लाने की आवाज आई और कुछ ही देर बाद दो लोग गंगा किनारे की तरफ से दिखे। परिजनों के अनुसार मृतक सूर्यबली की पत्नी दो वर्ष पहले मौत हो गई थी। इनके तीन बेटे और दो बेटियां हैं। सूर्यबली छह भाइयों में पांचवे में नंबर पर थे।

मृतक के पुत्र सुरेश यादव ने बताया कि पिता 20 साल से ज्यादा समय से आश्रम पर ही रहते थे। कभी कभी घर में आयोजन होने पर आते थे। इसके बाद आश्रम पर ही रहते थे। पूछताछ के बाद हमलावर कैसे अंदर आये और कैसे बाहर गए इसकी पुलिस और घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम जांच कर रही है। निकट स्थित कान्हा उपवन में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी पुलिस खंगाल रही है। इस सम्बंध में ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मौके पर डांग स्क्वाड व फॉरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया जा रहा है। उक्त प्रकरण में थाना रोहनिया पुलिस अज्ञात व्यक्ति के विरूद्ध अभियोग पंजीकृत कर घटना के प्रत्येक बिन्दुओं पर गहनता से जाँच की जा रही है। जल्द ही घटना का सफल अनावरण करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेजा जायेगा।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular