वाराणसी (हि.स.)। गोविंदपुर रोहनिया स्थित स्वामी श्रद्धानंद सरस्वती इंटरमीडिएट कॉलेज के छात्रों ने तिरंगा रैली निकाल शिक्षकों के देखरेख में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया। सोमवार को पूर्वाह्न 10 बजे काॅलेज के प्रधानाचार्य देवेंद्र प्रताप सिंह ने तिरंगा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। तिरंगा रैली में शामिल छात्र-छात्राओं ने हाथ में तिरंगा लहराते हुए वंदे मातरम, भारत माता की जय का नारा भी लगाया। रैली रोहनिया बाजार गोविंदपुर होते हुए पुनःकॉलेज परिसर में आकर समाप्त हई। रैली के समापन पर देश के अमर जवान शहीदों को नमन करते हुए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। काॅलेज के शिक्षकों ने छात्रों को देश के विभाजन की विभीषिका भी बताई। रैली में कॉलेज के अध्यापक व अध्यापिकाओं के साथ कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह से भागीदारी की।
श्रीधर/दिलीप
