– परिवहन मंत्री ने रात में की गई बस यात्रा पर जताई संतुष्टि
बलिया (हि.स.)। प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने लखनऊ से बलिया आने के लिए रोडवेज बस का सहारा लिया। शनिवार सुबह बलिया रोडवेज बस स्टैंड पर उतरने के बाद परिवहन मंत्री के मुंह से निकल पड़ा कि ये बहुत अच्छा है। आराम से सो जाओ और बलिया पहुंच जाओ।
इसके पहले अवध डिपो पर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के वोल्वो एसी स्लीपर बस में बैठते ही बस स्टेशन पर रोडवेज कर्मी हरकत में आ गए। इस लम्बी और रात की यात्रा के दौरान उन्होंने रोडवेज़ की व्यवस्था व बसों में यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं को नजदीक से देखा।
उन्होंने सख्त हिदायत दी कि यात्रियों को रोडवेज बस से यात्रा के दौरान कोई दिक्कत न हो, इसका विशेष ख्याल रखा जाए। परिवहन मंत्री दयाशंकर को भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल द्वारा ली जाने वाली बैठक में भाग लेने के लिए लखनऊ से बलिया आना था। वह बलिया के लिए निकले ही थे कि अचानक अपनी गाड़ियां छोड़ सरकारी बस से जाने का निर्णय लिया और अवध डिपो पहुंच गए। वहां से वॉल्वो स्लीपर बस में सवार हो गए। इससे बस के कर्मचारी व रोडवेज़ के कर्मी भी हरकत में आ गए।
परिवहन मंत्री शनिवार सुबह करीब छह बजे वह बलिया पहुंचे। बस से उतरते ही उन्होंने कहा कि बहुत अच्छी बस सेवा है। अच्छा अनुभव हुआ। इसके बाद यहां भी रोडवेज बस अड्डे पर सुबह की सफाई की स्थिति देखी। उन्होंने सख्त हिदायत देते हुए कहा कि बस स्टेशन व बसों में सफाई व्यवस्था बेहतर होनी चाहिए।
पंकज
