लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) की बसों में हाईटेक इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीनों (ईटीएम) से जल्द ही कैशलेस सफर शुरू होगा। इसके लिए तैयारियां तेजी से चल रही हैं।
परिवहन निगम प्रशासन जल्द ही रोडवेज बसों में कैसलेस सफर की सुविधा यात्रियों को देने जा रहा है। इसके लिए हाईटेक इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीनें आ गईं हैं। इन मशीनों को प्रयोग के तौर पर लखनऊ और गाजियाबाद डिपो की बसों में इस्तेमाल किया जाएगा। प्रयोग सफल होने पर प्रदेश के सभी डिपो में इस व्यवस्था को लागू किया जाएगा।
परिवहन निगम मुख्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि हाईटेक इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीनों से रोडवेज बसों में जल्द ही कैशलेस सफर शुरू होगा। इसके तहत यात्री अपने डेविट-क्रेडिट कार्ड से बस के किराये का भुगतान कर सकेंगे। इस नई व्यवस्था से बस परिचालक (कंडक्टर) से किराये को लेकर नगद लेनदेन करने और फुटकर किराये के झंझट यात्रियों को छुटकारा मिल जाएगा।
उन्होंने बताया कि परिवहन निगम एक जून को अपना स्थापना दिवस मनाने जा रहा है। इस कार्यक्रम में प्रदेश भर के करीब तीन सौ कर्मियों को सम्मानित करने के साथ हाईटेक इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीन को भी लाॅन्च किया जाएगा। इसके बाद रोडवेज बसों में परिचालक हाईटेक इलेक्ट्रॉनिक मशीनों के जरिए यात्रियों के डेबिट-क्रेडिट कार्ड से किराये का भुगतान ले सकेंगे।
दीपक
