बलिया (हि. स.)। यूपी सरकार 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को बड़ा तोहफा देने जा रही है। इस आयु वर्ग की महिलाएं यूपी रोडवेज की बसों से देश में कहीं भी फ्री में अजीवन यात्रा कर सकेंगी। यह घोषणा प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने रक्षाबंधन के अवसर पर गुरूवार को बलिया में की।
दयाशंकर सिंह ने कहा कि जल्द ही कैबिनेट की बैठक में 60 साल से अधिक आयु की बुजुर्ग महिलाओं को फ्री बस यात्रा कराने के निर्णय पर मुहर लग जाएगा। इसके बाद जल्द ही इसे अमल में लाया जाएगा। परिवहन विभाग इसकी पत्रावली तैयार करने में जुटा है। उन्होंने कहा कि ये महिलाएं उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की सभी प्रकार की बसों से देश में कहीं भी यात्रा कर सकेंगी। चाहे बस जिस भी श्रेणी की हो। यह सुविधा उन्हें आजीवन दी जाएगी।
कहाकि हमने यह निर्णय इसलिए लिया है, क्योंकि गरीब माताएं-बहनें आर्थिक अभाव में यात्रा नहीं कर पाती थीं। तीर्थ यात्रा भी नहीं कर पाती थीं। श्री सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की बुजुर्ग महिलाओं को फ्री यात्रा कराने के लिए 2022 के विधानसभा चुनाव के लिए जारी संकल्प पत्र में घोषणा किया था। अब हम यह संकल्प पूरा करने जा रहे हैं। इसके पहले योगी जी ने 2017 में जो संकल्प लिया था, उसे पूरा किया जा चुका है। इस बार भी जो वादे जनता से किए गए हैं, हमारी सरकार उसे शत प्रतिशत पूरा करेगी। उन्होंने दावा कि भाजपा सरकार में महिलाओं के लिए सम्मान है। सरकार अभी और भी ऐसी योजनाएं ला रही हैं, जिनसे उनके जीवन में बेहतरी आएगी।
आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए दयाशंकर सिंह ने कहा कि इसकी कोई विचारधारा नहीं है। जहां चुनाव रहता है, वहां पहुंच कर वे रेवड़ी बांटने लगते हैं और फ्री वाली घोषणाएं करते हैं। कहा कि भाजपा ऐसा नहीं करती। कहा कि कोरोना काल में मोदी जी और योगी जी के नेतृत्व में देश के गरीबों को राशन दिया गया। तब तो कोई चुनाव नहीं था। आज रक्षाबंधन पर महिलाएं यूपी रोडवेज की बसों में फ्री यात्रा कर रही हैं तो आज तो कोई चुनाव नहीं है। उत्तर प्रदेश का चुनाव तो 2027 में है।
पंकज
