बलरामपुर (हि.स.)। विभिन्न मांगों को लेकर ग्राम रोजगार सेवकों ने भारी संख्या में सदर ब्लाक कार्यालय से नगर में विरोध प्रदर्शन करते हुए आठ सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी कार्यालय पर सौंपा है। बुधवार को ग्राम रोजगार सेवक एकता संघर्ष समिति के द्वारा मंडल अध्यक्ष मो. असलम नईमी के अगुवाई में भारी संख्या में रोजगार सेवकों ने सदर ब्लाक कार्यालय से नगर बलरामपुर के विभिन्न चौराहो से होते हुए नारेबाजी करते हुए रैली निकाली। विरोध प्रदर्शन करते हुए रोजगार सेवक कलेक्ट्रेट पहुंचे । ग्राम रोजगार सेवकों को नियमित करते हुए राज्य कर्मचारी का दर्जा, पदनाम ग्राम विकास सहायक, ग्राम विकास अधिकारी भर्ती में रोजगार सेवकों को 50 प्रतिशत कोटा सहित आठ सूत्री मांगों को लेकर ज्ञापन अधिकारियों को सौंपा है।
मो. असलम नईमी ने बताया कि पूर्व वित्तीय वर्ष वा वर्तमान का मानदेय भुगतान नहीं हुआ है। जिससे रोजगार सेवक परेशान हैं। बीते वर्ष चार अक्टूबर को डिफेंस एक्सपो मैदान में मुख्यमंत्री के द्वारा रोजगार सेवकों के लिए विभिन्न घोषणाएं की गई थी । इसका शासनादेश निर्गत करने की मांग की गई है।
प्रभाकर/बृजनंदन
