गाजियाबाद(हि.स.)। आरआरटीएस प्रोजेक्ट में प्रायोरिटी सेक्शन के सबसे बड़े व ऊंचे, गाजियाबाद आरआरटीएस स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए पांच प्रवेश/निकास द्वार बनाए जाएंगे। जिनमें से तीन प्रवेश-निकास द्वारों को फुटओवर ब्रिज (एफओबी) के जरिए स्टेशन से जोड़ा जाएगा। इनमें से एक प्रवेश व निकास द्वार फूट ओवरब्रिज की मदद से निकटवर्ती गाज़ियाबाद मेट्रो स्टेशन से मल्टीमॉडल इंटिग्रेशन भी प्रदान करेगा।
एनसीआरटी सी के प्रवक्ता पुनीत वत्स ने बताया कि आरआरटीएस का प्रायोरिटी सेक्शन संचालित होने के बाद लगभग 350 किमी लंबा दिल्ली मेट्रो का नेटवर्क गाजियाबाद क्षेत्र में इसी जगह आरआरटीएस नेटवर्क से भी जुड़ जाएगा, जिससे यात्रियों को मल्टी मॉडल इंटीग्रेशन के जरिए सार्वजनिक परिवहन के क्षेत्र में एक और विश्वसनीय ट्रांसपोर्ट सिस्टम में यात्रा करने की सुविधा मिलेगी।
गाजियाबाद स्टेशन से सामने ही महामाया स्पोर्ट्स स्टेडियम भी है, जहां दूर-दूर से लोग विभिन्न खेल गतिविधियों के लिए पहुँचते हैं। दिल्ली और मेरठ की ओर से यहां आने वाले यात्रियों के लिए आरआरटीएस के संचालित होने से बेहतर परिवहन की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इसके साथ ही स्टेशन से चंद कदमों के दायरे में साई उपवन हरित वाटिका भी है, जो लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र हैं, जिसकी वजह से गाजियाबाद स्टेशन की उपयोगिता लोगों के लिए और भी ज्यादा कारगर साबित होगी।
इस क्षेत्र में लोगों की भीड़ का दबाव भी अधिक है और इसी वजह से इस स्टेशन पर यात्रियों का बड़ी संख्या में पहुँचना भी अपेक्षित है। लिहाजा हर वर्ग के यात्रियों चाहे वे किशोर हों, युवा हों या फिर बुजुर्ग हों, सभी को स्टेशन तक परेशानी मुक्त और सुरक्षित पहुंच प्रदान करने के लिए इस स्टेशन के तीनों ओर विशेष रूप से तीन प्रवेश निकास द्वार बनाने का निर्णय लिया गया है। ये प्रवेश निकास द्वार स्टेशन को तीनों ओर से घेरने वाली तीन सड़कों के दूसरी ओर बनाए जा रहे हैं, ताकि यात्रियों को स्टेशन तक पहुंचने के लिए किसी भी प्रकार के विलंब का सामना न करना पड़े।
इन सड़कों पर यातायात दबाव भी अधिक रहता है और ऐसी स्थिति में स्टेशन के प्रवेश निकास द्वार यात्रियों के लिए और भी कारगर सिद्ध होंगे। चूंकि यात्री इन प्रवेश निकास द्वारों का प्रयोग सड़क पार करने के लिए भी नि:शुल्क कर सकेंगे। इन तीनों प्रवेश-निकास द्वारों को फूटओवर ब्रिज के जरिये स्टेशन से जोड़ा जाएगा, ताकि यात्री सुरक्षित तरीके से आरआरटीएस स्टेशन तक पहुंच सकें। इन फूटओवर ब्रिज में लिफ्ट और एक्सेलेटर का प्रावधान भी किया जाएगा. इन सभी प्रवेश-निकास द्वारों का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
उन्होंने बताया कि फूटओवर ब्रिज के जरिये स्टेशन से जुडने वाला एक प्रवेश-निकास द्वार दिल्ली-गाजियाबाद रोड पर चौधरी चरण सिंह पार्क में, एक प्रवेश-निकास द्वार आर्य नगर की ओर और एक प्रवेश-निकास द्वार पटेल नगर की ओर बनाया जाएगा। इन इलाकों के अलावा यह स्टेशन गाजियाबाद के सेवा नगर, भीम नगर, हिंडन विहार, मुकुन्दपुर, माधोपुर, इस्लाम नगर, कैला खेरा, जस्सीपुरा, ब्रहमपुरी और लोहिया नगर समेत अन्य क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी यातायात की सुविधा प्रदान करेगा।
इस स्टेशन के प्रवेश/निकास द्वारों में रैम्प और टेक्सटाइल पाथ जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी, ताकि दिव्यांग और दृष्टिबाधित यात्रियों के लिए भी निर्बाध एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित की जा सके।
फरमान अली
