Sunday, April 12, 2026
Homeअन्यरेल मंत्री ने बीकानेर-गुवाहाटी एक्सप्रेस के घटनास्थल का किया दौरा

रेल मंत्री ने बीकानेर-गुवाहाटी एक्सप्रेस के घटनास्थल का किया दौरा

-भविष्य में पुनरावृत्ति को रोकने के उपाय करने का दिया आश्वासन

गुवाहाटी (हि.स.)। केंद्रीय रेल, संचार, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बीकानेर-गुवाहाटी एक्सप्रेस के दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। मं वैष्णव ने दुर्घटना में मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

शुक्रवार सुबह केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव न्यू डोमोहानी स्टेशन पहुंचे। यहां से वे तुरंत मोटरट्रॉली के माध्यम से हादसा स्थल पर पहुंचे। मंत्री ने घटनास्थल पर स्वयं ट्रैक और फिटिंग की स्थिति का निरीक्षण किया, ताकि हादसे की जानकारी की असली वजह का पता चल सके। मंत्री ने पटरी से उतरे ट्रेन के इंजन नंबर 22375 के अंडर गियर का भी निरीक्षण किया।

इस मौके पर मंत्री वैष्णव ने कहा कि मूल कारण का पता लगाने के लिए रेल सुरक्षा आयुक्त ने उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो इसके लिए सभी सावधानियां बरती जाएंगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री लगातार दुर्घटना के बाद बचाव व राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं और वह भी प्रधानमंत्री के संपर्क में हैं।

इस दौरान रेल मंत्री ने उन अस्पतालों का भी दौरा किया, जहां हादसे से पीड़ित घायल यात्री भर्ती हैं। उन्होंने कई भर्ती यात्रियों से बात की। मंत्री ने सभी भर्ती यात्रियों को सर्वोत्तम संभव स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के भी निर्देश दिए हैं।

रेलवे ने अनुग्रह राशि का कर दिया भुगतान

रेलवे ने दुर्घटना के कुछ घंटों के भीतर ही अनुग्रह राशि का भुगतान कर दिया है। छत्तीस (36) घायल यात्री हैं, जिनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। इनमें से 23 सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल जलपाईगुड़ी में, छह उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज में और सात मयनागुरी ग्रामीण अस्पताल में हैं। इन सभी को तुरंत पूर्व भुगतान किया गया है। मृतकों के परिजनों की पहचान कर उन्हें अनुग्रह राशि का भुगतान करने के लिए रेलवे प्राधिकरण संपर्क करने का प्रयास कर रहा है।

बीच यात्रा में फंसे लोगों को विशेष ट्रेन से गुवाहाटी भेजा गया

इसी बीच पूर्वोत्तर सीमा रेलवे (पूसीरे) ने बताया है कि बचाव अभियान पूरा होने के बाद फंसे हुए सभी यात्रियों को विशेष ट्रेन से गुवाहाटी भेजा गया है। यह स्पेशल ट्रेन 07.55 बजे गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पहुंची। गुवाहाटी स्टेशन पर एक सौ छप्पन (156) यात्री उतरे और 23 यात्री कामाख्या स्टेशन पर उतरे। यात्रियों ने रेलवे प्राधिकरण के त्वरित बचाव और वैकल्पिक व्यवस्था के लिए आभार व्यक्त किया।

दुर्घटनाग्रस्त रेलवे ट्रैक के मरम्मतीकरण कार्य जारी

एनएफ रेलवे के महाप्रबंधक अंशुल गुप्ता की देखरेख में रेलगाड़ियों की आवाजाही को सामान्य करने के लिए युद्धस्तर पर बहाली का काम किया जा रहा है। पटरी से उतरे कुछ डिब्बों की रेलिंग पहले ही की जा चुकी है।

अरविंद

RELATED ARTICLES

Most Popular