लखनऊ(हि. स.)। विकास नगर थाना पुलिस ने रेलवे में नौकरी लगवाने के नाम पर रुपये हड़पने के मामले में फरार चल रहे दस हजार रुपये के इनामी बदमाश को दबोचा है।
अपर पुलिस उपायुक्त उत्तरी प्राची सिंह ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता कर बताया कि थाना प्रभारी अनिल कुमार ने गाजियाबाद जनपद के विजय नगर चौराहे से दस हजार रुपये के इनामी को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया अभियुक्त तरुण शेखर शर्मा लोगों को सरकारी विभाग में नौकरी लगवाने के नाम पर धोखाधड़ी करता है। हसनगंज के पुरानी बासमंडी निवासी सुमित कुमार कश्यप ने तरुण और अन्य लोगों के खिलाफ वर्ष 2018 में हसनगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था।
अपर पुलिस उपायुक्त उत्तरी ने बताया कि पकड़े गए अभियुक्त पर दस हजार रुपये का इनाम घोषित है। मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जा रहा है।
