Thursday, February 12, 2026
Homeराष्ट्रीयरेलवे ने 70 हजार आईसोलेशन बेड क्षमता वाले 4400 ‘कोविड केयर कोच’...

रेलवे ने 70 हजार आईसोलेशन बेड क्षमता वाले 4400 ‘कोविड केयर कोच’ किये तैनात

सुशील बघेल

नई दिल्ली (हि.स.)। भारतीय रेलवे ने कोरोना के खिलाफ लड़ाई में सहयोग करते हुए महाराष्ट्र और दिल्ली सहित छह राज्यों को 70 हजार आईसोलेशन बिस्तरों की क्षमता वाले 4400 ‘कोविड केयर कोच’ उपलब्ध कराये हैं। रेलवे स्टेशनों पर तैनात होने से इन आईसोलेशन कोचों को मांग के आधार पर आसानी से एक स्थान से दूसरे स्थान पर स्थानांतरित किया जा सकता है।

रेल मंत्रालय ने बुधवार को एक बयान जारी कर बताया कि राज्यों की मांग के अनुसार, वर्तमान में 4 हजार बेड से अधिक की क्षमता वाले 232 कोविड केयर कोचों को विभिन्न राज्यों को सौंप दिया गया है। इन कोचों का इस्तेमाल हल्के और मध्यम लक्षणों वाले रोगियों के लिए किया का सकता है। इन कोचों को अब मौजूदा गर्म मौसम की स्थिति को पूरा करने के लिए कूलर और जूट-मैट सहित कई सुविधाओं से लैस किया गया है। एक कोच में 16 बेड की व्यवस्था है। इन कोचों में 2 ऑक्सीजन सिलिंडर भी उपलब्ध कराये गये हैं।

राज्यों में तैनात रेलवे के आईसोलेशन कोचों में अब तक 162 मरीजों को भर्ती कराया गया जबकि 96 को छुट्टी दी जा चुकी है। वर्तमान में 66 कोविड रोगी आइसोलेशन डिब्बों का उपयोग कर रहे हैं। इन कोचों में अभी भी 3600 से अधिक बेड उपलब्ध हैं।

रेलवे ने नागालैंड और गुजरात सरकार से आई आईसोलेशन कोचों की मांग को पूरा करते हुए साबरमती, चंदलोडिया और दीमापुर में कोचों को तैनात किया है। रेलवे उत्तर प्रदेश में राज्य से मांग नहीं आने के बावजूद कोविड केयर कोच उपलब्ध करा चुका है। 

महाराष्ट्र के नंदुरबार स्टेशन पर 378 बेड के साथ तैनात 21 ‘कोविड केयर कोच’ में इस समय 26 मरीज भर्ती हैं। अब तक यहां 104 मरीज भर्ती हो चुके हैं जबकि 78 को छुट्टी दी जा चुकी है। रेलवे ने अजनी इनलैंड कंटेनर डिपो में 11 कोविड केयर कोच को नागपुर नगर निगम को सौंप दिया है। यहां 6 मरीजों को भर्ती किया गया और 4 को छुट्टी दे दी गई।

मध्य प्रदेश में इंदौर के पास तिही स्टेशन पर 320 बेड की क्षमता वाले 22 कोच तैनात किए हैं। यहां 19 मरीज भर्ती हैं जबकि एक को छुट्टी दे दी गई है। भोपाल में तैनात 20 कोच में अभी भी लगभग 302 बिस्तर उपलब्ध हैं। यहां 28 मरीज भर्ती हैं जबकि 12 को छुट्टी दी जा चुकी है। इस सुविधा में 273 बिस्तर उपलब्ध हैं।

दिल्ली में रेलवे ने 1200 बिस्तरों की क्षमता वाले 75 कोविड केयर कोच उपलब्ध कराये हैं। शकूरबस्ती स्टेशन पर 800 बिस्तरों की क्षमता वाले 50 आईसोलेशन कोच और 400 बेड के साथ 25 कोच आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर तैनात हैं। शकूरबस्ती में अभी तक पांच मरीजों को भर्ती कराया गया इनमें से चार को छुट्टी दी जा चुकी है। यहां 1199 बेड अभी भी उपलब्ध हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular