Saturday, March 7, 2026
Homeउत्तर प्रदेशरेलवे ने मंदिर के बाद अब आगरा कैंट स्टेशन से दरगाह हटाने...

रेलवे ने मंदिर के बाद अब आगरा कैंट स्टेशन से दरगाह हटाने का लिया फैसला

आगरा (हि.स.)। आगरा जिले के राजामंडी रेलवे स्टेशन परिसर से मंदिर हटाने के फैसले के बाद अब रेलवे प्रशासन ने आगरा कैंट स्टेशन पर स्थित बाबा हजरत भूरेशाह की दरगाह को हटाए जाने का फैसला लिया है। रेलवे के इस फैसले से मुस्लिम समाज में काफी नाराज़गी है।

आगरा में रेलवे द्वारा राजामंडी रेलवे स्टेशन के परिसर में स्थित चामुंडा देवी मंदिर को हटाए जाने के फैसले के बाद अब रेलवे प्रशासन द्वारा एक और बड़ा फैसला लिया गया है। रेलवे प्रशासन ने चामुंडा देवी मंदिर को हटाए जाने का नोटिस चस्पा करने के बाद अब कैंट स्टेशन के डाउन यार्ड में बनी बाबा हजरत भूरेशाह की दरगाह को भी हटाए जाने का नोटिस चस्पा कर दिया है। आगरा रेल मंडल की पीआरओ प्रशस्ति श्रीवास्तव के अनुसार रेलवे प्रशासन रेलवे की जमीन पर स्थित सभी धार्मिक और गैर धार्मिक इमारतों को हटाने के लिए नोटिस चस्पा कर रहा है।

कैंट स्टेशन के डाउन यार्ड में बनी बाबा हजरत भूरेशाह की दरगाह दशकों पुरानी है। पहले भी एक बार रेलवे द्वारा दरगाह को हटाए जाने का नोटिस दिया गया था, जिसके बाद लोगों ने दरगाह की भूमि से सम्बंधित कागजात रेलवे को सौंप दिए थे। रेलवे के इस नए नोटिस से मुस्लिम समाज के लोगों में रेलवे प्रशासन के प्रति काफी नाराज़गी देखने को मिल रही है।

श्रीकांत

RELATED ARTICLES

Most Popular