नई दिल्ली (हि.स.)। भारतीय रेलवे ने चक्रवाती हवाओं को मात देते हुए पूर्वी राज्यों से ऑक्सीजन एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन को तेज करते हुए 12 घंटे में 8 ऑक्सीजन एक्सप्रेस ट्रेनों से 680 मीट्रिक टन ऑक्सीजन की ढुलाई की है। रेलवे अब तक 14 राज्यों को लगभग 17,239 मीट्रिक टन चिकित्सा उपयोग के लिए ऑक्सीजन की आपूर्ति कर चुका है।
दरअसल, मौसम विभाग चक्रवाती तूफान ‘यास’ के चलते आज ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की आशंका जता चुका है। इसका प्रभाव बिहार, झारखंड, आंध्र प्रदेश और उत्तर-पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों पर भी पड़ेगा।
रेल मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि भारतीय रेलवे मौजूदा चुनौतियों का सामना और नए उपायों की तलाश के साथ देश के विभिन्न राज्यों की मांग पर तरल चिकित्सा ऑक्सीजन की आपूर्ति के अपने अभियान पर निरंतर काम कर रहा है। रेलवे की 263 ऑक्सीजन एक्सप्रेस अब तक देश के 14 राज्यों को 1042 टैंकरों में लगभग 17,239 मीट्रिक टन चिकित्सा उपयोग के लिए तरल मेडिकल ऑक्सीजन (एलएमओ) की आपूर्ति कर चुकी हैं।
उल्लेखनीय है कि ऑक्सीजन एक्सप्रेस की शुरुआत 31 दिन पहले 24 अप्रैल को हुई थी और पहली ऑक्सीजन एक्सप्रेस 126 मीट्रिक टन ऑक्सीजन के साथ महाराष्ट्र पहुंची थी।
रेल अधिकारियों ने बताया कि चक्रवात की आशंका के बावजूद रेलवे ने ऑक्सीजन संकट से जूझ रहे राज्यों को राहत पहुंचाने के कार्य को बाधित नहीं होने दिया है। इतना ही नहीं इस कार्य को गति देते हुए ऑक्सीजन एक्सप्रेस के संचालन को बढ़ाया गया है। चक्रवात के तेज होने से पहले पिछले 12 घंटों में ऑक्सीजन एक्सप्रेस ने ओडिशा, पश्चिम बंगाल और झारखंड से 680 मीट्रिक टन ऑक्सीजन राहत पहुंचाई है। इन राज्यों से 8 ऑक्सीजन एक्सप्रेस लोड होकर विभिन्न क्षेत्रों के लिए रवाना हो चुकी हैं।
रेलवे के अनुसार, लगभग 263 ऑक्सीजन एक्सप्रेस ट्रेनों ने अब तक अपनी यात्राएं पूरी कर ली हैं और विभिन्न राज्यों को राहत पहुंचाई है। 2 ऑक्सीजन एक्सप्रेस 8 टैंकरों में 134 मीट्रिक टन ऑक्सीजन लेकर अपने निर्धारित गंतव्य की ओर रवाना हो चुकी हैं। दक्षिण भारत में कर्नाटक और तमिलनाडु के बाद तेलंगाना में ऑक्सीजन एक्सप्रेस द्वारा तरल मेडिकल ऑक्सीजन की आपूर्ति का आंकड़ा 1000 मीट्रिक टन से ऊपर पहुंच गया है।
रेल मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार महाराष्ट्र में 614 मीट्रिक टन ऑक्सीजन, उत्तर प्रदेश में लगभग 3649 मीट्रिक टन, मध्य प्रदेश में 633 मीट्रिक टन, दिल्ली में 4820 मीट्रिक टन, हरियाणा में 1911 मीट्रिक टन, राजस्थान में 98 मीट्रिक टन, कर्नाटक में 1421 मीट्रिक टन, उत्तराखंड में 320 मीट्रिक टन, तमिलनाडु में 1099 मीट्रिक टन, आंध्र प्रदेश में 886 मीट्रिक टन, पंजाब में 225 मीट्रिक टन, केरल में 246 मीट्रिक टन, तेलंगाना में 1029 मीट्रिक टन और असम में 80 मीट्रिक टन ऑक्सीजन की आपूर्ति हुई।
भारतीय रेलवे का यह प्रयास रहा है कि ऑक्सीजन का अनुरोध करने वाले राज्यों को कम से कम संभव समय में अधिक से अधिक संभव ऑक्सीजन पहुंचाई जा सके। ऑक्सीजन एक्सप्रेस द्वारा 14 राज्यों उत्तराखंड, कर्नाटक, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, राजस्थान, तमिलनाडु, हरियाणा, तेलंगाना, पंजाब, केरल, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और असम को ऑक्सीजन सहायता पहुंचाई गई है।
रेलवे ने तूफान की आशंका वाले राज्यों से 12 घंटे में की 680 टन ऑक्सीजन की ढुलाई
RELATED ARTICLES
