Monday, February 9, 2026
Homeराष्ट्रीयरेलवे का ‘ऑक्सीजन एक्सप्रेस’ अभियान: 1125 टन ऑक्सीजन की ढुलाई की, 422...

रेलवे का ‘ऑक्सीजन एक्सप्रेस’ अभियान: 1125 टन ऑक्सीजन की ढुलाई की, 422 टन के 7 ट्रेन रास्ते में

सुशील बघेल

नई दिल्ली (हि.स.)। भारतीय रेल देश भर के विभिन्न राज्यों में ‘ऑक्सीजन एक्सप्रेस’ से लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन (एलएमओ) पहुंचा कर राहत प्रदान करने की अपनी यात्रा जारी रखे हुए है। रेलवे देश के विभिन्न राज्यों में 76 टैंकरों में लभभग 1125 मीट्रिक टन ऑक्सीजन पहुंचा चुका है और लोडेड ऑक्सीजन एक्सप्रेस 27 टैंकरों में 422 टन ऑक्सीजन ले जा रही हैं।

रेल मंत्रालय ने सोमवार को बयान जारी कर कहा कि भारतीय रेल कोशिश कर रहा है कि अनुरोध करने वाले राज्यों को कम से कम समय में अधिक से अधिक ऑक्सीजन पहुंचाई जा सके। भारतीय रेल अब तक महाराष्ट्र (174 एमटी), उत्तर प्रदेश (430.51 एमटी), मध्य प्रदेश (156.96 एमटी), दिल्ली (190 एमटी),हरियाणा (109.71 एमटी) और तेलंगाना (63.6 एमटी)में 1125 मीट्रिक टन से अधिक लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन पहुंचा चुकी है।

दिल्ली के लिए तीसरी ऑक्सीजन एक्सप्रेस 30.86 मीट्रिक टन ऑक्सीजन के साथ ओडिशा के अंगुल से अपने रास्ते पर है और उम्मीद है कि वह आज शाम तक दिल्ली कैंट पहुंच जाएगी।

तेलंगाना को ओडिशा के अंगुल से आने वाले अपने दूसरे ऑक्सीजन एक्सप्रेस से 60.23 एमटी एलएमओ मिलेगी।

हरियाणा को अपनी चौथी और पांचवीं ऑक्सीजन एक्सप्रेस मिलेगी जिसमें लगभग 72 टन ऑक्सीजन है। ये ट्रेनें ओडिशा के अंगुल और राउरकेला से आ रही हैं। 85 टन के साथ एक और ऑक्सीजन एक्सप्रेस हापा (गुजरात) से निकल चुकी है और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में डिलीवरी के लिए गुड़गांव पहुंच रही है।

मध्य प्रदेश (चौथी),  उत्तर प्रदेश (10वीं),  तेलंगाना, हरियाणा और दिल्ली के लिए और ऑक्सीजन एक्सप्रेस रास्ते में हैं। कुल सात ट्रेनों में 422.08 मीट्रिक टन एलएमओ की ढुलाई की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular