बांदा (हि.स.)। शहर में एक किराए के मकान में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा के साथ अपने दोस्त के सहयोग से एक युवक ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। इस दौरान दोस्त ने अश्लील वीडियो बना लिया। इसी वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर छात्रा के साथ कई बार दुष्कर्म हुआ। गर्भवती होने पर छात्रा ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। अब आराेपितों ने मुकदमा वापस न लेने पर छात्रा को जान से मारने या चेहरे पर तेजाब फेंकने की धमकी दी है। इस संबंध में छात्रा ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है।
जिले के मटौंध थाना क्षेत्र अंतर्गत खैराडा गांव में रहने वाली छात्रा बांदा शहर के एक महाविद्यालय में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा है। जो प्रतिदिन गांव से यहां पढ़ने के लिए आती थी। आठ माह पहले मध्य प्रदेश का रहने वाला रिश्तेदार संजय पाल उसे मिला। आरोप है कि उसने बहला-फुसलाकर शहर के कटरा मोहल्ले में किराये पर रहने वाले अपने दोस्त हरिराम पाल के घर ले गया। इसी दौरान उसे कोई नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर संजय पाल ने दुष्कर्म किया। हरीराम पाल ने इस दौरान वीडियो बना ली। वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर संजय पाल अक्सर उसे दोस्त के कमरे में बुलाकर दुष्कर्म करता था।
जब वह गर्भवती हो गई, तब उसने डरते-डरते अपने परिवार को घटना के बारे में बताया। माता-पिता के कहने पर उसने नौ जून को आरोपितों के खिलाफ शहर कोतवाली में दुष्कर्म की घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलते ही संजय पाल ने छात्रा को मुकदमा वापस लेने की धमकी दी और कहा कि अगर मुकदमा वापस नहीं लिया तो वह उसे मार देगा। चेहरे पर तेजाब डाल देगा। धमकी मिलने के बाद मंगलवार को छात्रा ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आरोपितों के खिलाफ शिकायत करते हुए न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
अनिल/दीपक/सियाराम
