– दमकल की 3 गाड़ियों की घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू
झांसी (हि.स.)। प्रेमनगर थाना क्षेत्र स्थित कस्तूरबा स्कूल के समीप स्थित कपड़े के शोरूम में शनिवार की सुबह भीषण आग लग गई। शोरूम अचानक आग की भयंकर लपटे निकलने लगी। पड़ोस में रहने वालों ने घटना की सूचना पुलिस व दमकल विभाग को दी। आनन-फानन में घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व फायर बिग्रेड टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आगजनी की घटना में करीब 25 से 30 लाख रुपये का नुकसान बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, प्रेमनगर थाना क्षेत्र के रतनपुरा निवासी प्रिंस भुसारी की कस्तूरबा स्कूल के समीप आर के मैचिंग सेंटर के नाम से महिलाओं के रेडिमेड कपड़े का बड़ा शोरूम है। प्रतिदिन की तरह शुक्रवार की रात शोरूम बंद कर संचालक अपने घर चला गया। आज तड़के चार बजे उसे दुकान के पास रहने वाले पड़ोसियों ने सूचना दी कि उसकी दुकान से भयंकर धुआं निकल रहा है। जब तक शोरूम मालिक वहां पहुंचता तब तक धुआं आग में तब्दील हो गया था। दुकान से निकल रही आग की बड़ी-बड़ी लपटे देख आस पास भगदड़ मच गई।
सूचना पर आनन फानन में मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड और पुलिस ने किसी प्रकार आग पर काबू पाया। आगजनी की घटना पर काबू करने में तीन फायर बिग्रेड की गाड़ियों ने घंटों मशक्कत की। वही शोरूम संचालक के अनुसार घटना में करीब तीस लाख की कीमत का माल जलकर राख हो गया।
थाना प्रेमनगर पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट से आग लगना प्रतीत हो रहा है। पुलिस भी मामले की जांच कर रही है।
महेश
