म्यूनिख (हि.स.)। रूस और बेलारूस के एथलीटों को यूक्रेन में रूस के चल रहे सैन्य अभियान के बाद आईएसएसएफ चैंपियनशिप में भाग लेने से प्रतिबंधित कर दिया गया है।
आईएसएसएफ के एक आधिकारिक बयान में कहा, “आईओसी कार्यकारी बोर्ड के संबंधित निर्णय और आईओसी अध्यक्ष के साथ बैठक के बाद, आईएसएसएफ ने फैसला किया कि रूसी संघ और बेलारूस के एथलीटों को आईएसएसएफ चैंपियनशिप में भाग लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। यह निर्णय 1 मार्च, 2022 से लागू हुआ और अगली सूचना तक मान्य है।”
बता दें कि रूस और यूक्रेन के बीच बढ़ते तनाव के बाद, खेल बिरादरी ने रूस में कई कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं, जिसमें रूसी ग्रां प्री भी शामिल है। चैंपियंस लीग का फाइनल भी रूस से बाहर कर दिया गया है और यह अब पेरिस में होगा।
यूईएफए और फीफा ने भी अगली सूचना तक रूस को अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से प्रतिबंधित कर दिया है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार को यूक्रेन में एक सैन्य अभियान की घोषणा की थी और अन्य देशों को चेतावनी दी थी कि रूसी कार्रवाई में हस्तक्षेप करने के किसी भी प्रयास के परिणाम खतरनाक होंगे।
सुनील
