Sunday, April 12, 2026
Homeअंतरराष्ट्रीयरूसी हमले के 16 सप्ताह: अमेरिका से यूक्रेन को मिलेंगे सौ करोड़...

रूसी हमले के 16 सप्ताह: अमेरिका से यूक्रेन को मिलेंगे सौ करोड़ डॉलर के हथियार

कीव (हि.स.)। यूक्रेन पर हमले के सोलह सप्ताह बाद भी रूस का आक्रामक रवैया थमने का नाम नहीं ले रहा है। रूसी सेना यूक्रेन के पूर्वी हिस्से में तेजी से आगे बढ़ रही है और यूक्रेन की सेना दक्षिणी हिस्से में फिर से पकड़ मजबूत कर रही है। इस बीच अमेरिका ने यूक्रेन को सौ करोड़ डॉलर की मदद का ऐलान किया है। यह मदद हथियारों की शक्ल में की जाएगी।

यूक्रेन पर रूस का हमला लगभग चार माह पूर्व 24 फरवरी को हुआ था। उसके बाद 112 दिन यानी 16 सप्ताह बीत चुके हैं किन्तु रूस का हमला थमने का नाम नहीं ले रहा है। यूक्रेन को इस लड़ाई में अमेरिका सहित नाटो देशों का भरपूर साथ मिल रहा है। इसके बावजूद बीते दिनों यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्दोमिर जेलेंस्की ने यूरोप और नाटो देशों की मदद की रफ्तार को कम करार दिया था। उन्होंने मदद तेज करने की मांग की थी। इसके बाद अब अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने यूक्रेन को सौ करोड़ डॉलर की मदद का ऐलान किया है। यह मदद हथियारों और अन्य सैन्य उपकरणों के रूप में मुहैया कराई जाएगी। अमेरिका ने साफ कहा कि यूक्रेन को किसी भी हाल में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि जो बहादुरी यूक्रेन की सेना और वहां के नागरिक दिखा रहे हैं, वह पूरी दुनिया के लिए मिसाल है। अमेरिका ने यह भी ऐलान किया है कि सौ करोड़ डॉलर की इस सैन्य साजो-सामान की मदद के अलावा 2.25 करोड़ डॉलर की दवाइयां व अन्य सामग्री भी जल्द ही यूक्रेन को भेजी जाएगी। यह प्रबंध आने वाली सर्दियों को ध्यान में रखकर किये जा रहे हैं।

संजीव मिश्र/दधिबल

RELATED ARTICLES

Most Popular