Saturday, February 14, 2026
Homeउत्तर प्रदेशरियासतों में बंटे राज्यों को एक कर लौह पुरुष ने महान भारत...

रियासतों में बंटे राज्यों को एक कर लौह पुरुष ने महान भारत बनाने में दिया महत्वपूर्ण योगदान : अजय राय

लखनऊ(हि.स.)। प्रदेश कांग्रेेस कार्यालय पर लौह पुरुष भारत रत्न सरदार वल्लभ भाई पटेल की 149वीं जयंती मनाई गयी। वहीं आयरन लेडी के नाम से प्रख्यात भारत की पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न इन्दिरा गांधी की 39वीं पुण्यतिथि शहादत दिवस के रूप में मनाई गयी।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि देश की आजादी की लड़ाई के महानायक सरदार पटेल आजाद भारत के प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री बने, जिन्होंने 562 देशी रियासतों में बंटे राज्यों का एकीकरण कर एक भारत महान भारत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने गृहमंत्री के रूप में भारतीय नागरिक सेवाओं (आईसीएस) का भारतीयकरण कर उन्हें भारतीय प्रशासनिक सेवाएं ( आईएएस ) बनाया। अंग्रेजों की सेवा करने वालों में विश्वास भरकर उन्हें राजभक्ति से देशभक्ति की ओर मोड़ा।

पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न आयरन लेडी इन्दिरा गांधी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि 1969 में बैंकों का राष्ट्रीयकरण इंदिरा गांधी की महान उपलब्धियों में से एक है। राष्ट्रीय सुरक्षा एवं विदेश नीति को नई दिशा देने वाली तथा विश्व स्तर पर भारत को स्थापित करने वाली महान नेता थी। 1974 में राजस्थान के पोखरण गांव के करीब परमाणु परीक्षण कर भारत को परमाणु सम्पन्न देश बनाया। दुनिया का भूगोल बदलने वाली एकमात्र नेता इन्दिरा गांधी ने पूर्वी पाकिस्तान में स्वतंत्रता आंदोलन और स्वतंत्रता के युद्ध के समर्थन में पाकिस्तान के विरुद्ध युद्ध में गई परिणामस्वरूप भारत की जीत और बांग्लादेश का निर्माण हुआ। आचार्य नरेन्द्र देव की जयंती पर पुष्प अर्पित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आचार्य जी ने आजादी की लड़ाई में महत्वूपर्ण भूमिका निभाई। विलक्षण प्रतिभा एवं व्यक्तित्व के धनी आचार्य जी उच्चकोटि के निष्ठावान अध्यापक और शिक्षाविद रहे।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री नकुल दुबे, प्रदेश महासचिव दिनेश कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष शिव पाण्डेय, शाहनवाज आलम, फिरोज अहमद खान, जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश त्रिपाठी, द्विजेन्द्र त्रिपाठी, रमेश मिश्रा, अरशी रजा, वीरेन्द्र मदान, डॉ. जियाराम वर्मा, ओंकारनाथ सिंह, राजेश सिंह काली आदि मौजूद रहे।

उपेन्द्र/सियाराम

RELATED ARTICLES

Most Popular