नई दिल्ली (हि.स.)। लगातार तीन दिनों की शानदार और रिकॉर्डतोड़ तेजी के बाद आज सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार फ्लैट कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। शेयर बाजार ने आज एकबार फिर रिकॉर्ड मजबूती के साथ कारोबार की शुरुआत की। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) के सेंसेक्स ने कारोबार की शुरुआत में ही ऑल टाइम हाई का नया रिकॉर्ड बनाया, वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के निफ्टी ने कारोबार शुरू होने के बाद कुछ ही मिनटों में ऑल टाइम हाई का नया रिकॉर्ड कायम किया।
आज बीएसई का सेंसेक्स 206.87 अंक की तेजी के साथ तेजी का नया रिकॉर्ड बनाते हुए 54,576.22 अंक के स्तर पर खुला। वहीं एनएसई के निफ्टी ने 30.15 अंक की उछाल के साथ 16,288.95 अंक के स्तर पर आज के कारोबार की शुरुआत की। इसके पहले पिछले कारोबारी दिन बुधवार को शेयर बाजार के दोनों सूचकांकों सेंसेक्स और निफ्टी ने लगातार दूसरे दिन मजबूती दिखाते हुए न केवल ऑल टाइम हाई का नया रिकॉर्ड बनाया था, बल्कि क्लोजिंग का भी अभी तक के सर्वोच्च स्तर का रिकॉर्ड बनाया था। जबरदस्त लिवाली के कारण बीएसई का सेंसेक्स 546.41 अंक की तेजी के साथ 54,369.77 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं एनएसई का निफ्टी भी 128.05 अंक चढ़कर 16,258.80 अंक के स्तर पर बंद हुआ था।
आज प्री-ओपनिंग सेशन में भी शेयर बाजार की मजबूत शुरुआत हुई थी। सेंसेक्स 245.86 अंक की मजबूती के साथ 0.45 फीसदी उछलकर 54,615.63 अंक के स्तर पर खुला था। वहीं प्री ओपनिंग सेशन में निफ्टी 0.19 फीसदी की उछाल के साथ 31.70 अंक चढ़ कर 16,290.50 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
बाजार खुलने के बाद से ही शेयर बाजार में लगातार खरीदारी और बिकवाली हो रही है। जिसकी वजह से दोनों सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी कभी ऊपर तो कभी नीचे का रुख कर रहे हैं। एक घंटे के कारोबार के बाद आज सुबह 10.15 बजे सेंसेक्स 43.57 अंक की कमजोरी के साथ 54,326.57 अंक के स्तर पर और निफ्टी 11.20 अंक की गिरावट के साथ 16,247.60 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
