वाराणसी (हि.स.)। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सांसद राहुल गांधी की टिप्पणी वाली वीडियो से कथित तौर पर छेड़छाड़ और झूठ फैलाने का आरोप लगा पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एक टीवी न्यूज एंकर, मालिक और अन्य के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रविवार को संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर जुटे एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष ऋषभ पांडेय की अगुवाई में चैनल के मालिक और एंकर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि न्यूज चैनल द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान को गलत तरीके से तोड़-मोड़ कर दिखाया गया। नाराज कार्यकर्ताओं ने चैनल के मालिक और पत्रकार की तस्वीर को भी आग के हवाले करने का प्रयास किया। कार्यकर्ता जब तक तस्वीर में आग लगा पाते, इसके पहले ही मौके पर मौजूद पुलिस अफसरों ने उन्हें रोक दिया। इससे नाराज कार्यकर्ताओं की अफसरों से नोक- झोंक भी हुई। प्रदर्शन में एनएसयूआई प्रदेश सचिव शिवम चौबे,प्रदेश महासचिव प्रफुल्ल पाण्डेय,महानगर अध्यक्ष संदीप पाल,मानिक यादव,अंकित सिंह,अभिनव पाण्डेय,नीरज पाण्डेय, मानस सिंह आदि शामिल रहे।
श्रीधर
