Saturday, March 28, 2026
Homeराष्ट्रीय राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता बहाल होने पर कांग्रेस में जश्न का...

 राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता बहाल होने पर कांग्रेस में जश्न का माहौल

नई दिल्ली (हि.स.)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता बहाल किए जाने के बाद कांग्रेस सहित इंडिया के घटक दलों ने खुशी जताई है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व सांसद पी. चिदंबरम ने सोमवार को कहा कि हमें खुशी है कि लोकसभा अध्यक्ष ने आज फैसला लिया। अब राहुल गांधी लोकसभा में भाग ले सकते हैं। राहुल गांधी की सदस्यता बहाल होने को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी ढोल नगाड़े बजाकर खुशी जाहिर की। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पार्टी नेताओं को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई और राहुल गांधी को बधाई दी।

सामाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने संसद भवन परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि राहुल गांधी की संसद सदस्यता बहाल किया जाना खुशी की बात है। लोकसभा अध्यक्ष ने बिना देरी किए राहुल गांधी की सदस्यता बहाल की है। इसके लिए वह बधाई के पात्र हैं।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की सजा पर सुप्रीम कोर्ट से रोक लगाए जाने के बाद आज उनकी लोकसभा सदस्यता को बहाल कर दिया गया। निचली अदालत के मोदी सरनेम मानहानि मामले में दो साल की सजा मिलने के बाद उनकी जनप्रतिनिधित्व कानून के तहत सदस्यता समाप्त कर दी गई थी। इसके बाद उन्हें सरकारी बंगला भी खाली करना पड़ा था। सुप्रीम कोर्ट ने चार अगस्त को उनकी दो साल की सजा के अदालती फैसले पर रोक लगा दी थी। लोकसभा सचिवालय ने आज सुप्रीम कोर्ट के फैसले के संबंध में उनकी सदस्यता बहाल करने की घोषणा की। राहुल गांधी को मार्च में अपनी सदस्यता खोनी पड़ी थी।

आशुतोष/दधिबल

RELATED ARTICLES

Most Popular