Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेशराहुल गांधी का बयान विभाजनकारियों के साथ : डॉ. दिनेश शर्मा

राहुल गांधी का बयान विभाजनकारियों के साथ : डॉ. दिनेश शर्मा

– मुस्लिम लीग को सेक्युलर कहने पर भाजपा नेता दिनेश शर्मा का राहुल गांधी पर पलटवार

लखनऊ (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व उप्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने शुक्रवार को यहां कहा कि राहुल गांधी मोहब्बत की दुकान पर नफरत का पकवान तैयार कर रहे हैं। राहुल गांधी ने मुस्लिम लीग को सेक्युलर का प्रमाण पत्र देकर बहुसंख्यकों को चुनौती दी है। जनता 2024 में इसका कांग्रेस को जवाब देगी।

मुस्लिम लीग पर राहुल गांधी के आए बयान पर डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी कहते हैं कि उन्होंने भारत में मोहब्बत की दुकान खोली है। उनका कार्य इसके उलट है। मुस्लिम लीग जो विभाजनकारी बात करता है, पूरे देश में सांप्रदायिकता का जहर उगलता है, उसको धर्मनिरपेक्षता का प्रमाण पत्र देकर उन्होंने एक तरीके से बहुसंख्यकों को चुनौती दी है।

डॉ. शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी के हिसाब से आरएसएस और बजरंग दल सांप्रदायिक है। जिसने देश का बंटवारा कराया, वह जिन्ना वाली मुस्लिम लीग धर्म निरपेक्ष है। विदेशी भूमि पर विदेशी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान भी चाहता है कि मोदी प्रधानमंत्री न रहें। यही बात चीन भी चाहता है। अमेरिका भी अंदर से यही चाहता है कि नेतृत्वकर्ता के रूप में मोदी सामने न आएं।

भाजपा नेता कहते हैं कि मैं मानता हूं कि विपक्ष का अधिकार है कि वह यह कहें कि मोदी प्रधानमंत्री न रहें, लेकिन विपक्ष यह बात अपने देश में कह सकता है। देश की जनता के समक्ष कह सकता है। देश की जनता ही मोदी को हटा सकती है। देश की जनता ने ही मोदी को प्रधानमंत्री बनाया है। बाहर जाकर बजरंग दल और आरएसएस को सांप्रदायिक बताना और मुस्लिम लीग को धर्मनिरपेक्ष होने का प्रमाण पत्र देना देने वाले राजनेता को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। उन्हें मुस्लिम लीग के इतिहास के बारे में जानकारी हासिल करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि एक नेता का इस प्रकार से जहर उगलने वाला बयान जो उन्होंने कर्नाटक में बोला था, अब वह फार्मूला पूरे भारत में अपनाना चाह रहे हैं। मुझे लगता है देश की जनता 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को इसका जवाब वोटों के रूप में देगी।

दिलीप/राजेश

RELATED ARTICLES

Most Popular