राहुल गांधी कांग्रेस पार्टी का नेतृत्व संभालें: संजय राऊत

मुंबई। शिवसेना प्रवक्ता संजय राऊत ने कहा कि राहुल गांधी का कांग्रेस का नेतृत्व सभालना चाहिए। राऊत ने कहा कि इस समय देश में एक मजबूत विपक्ष की जरुरत है,इसलिए कांग्रेस को मजबूत विपक्ष की भूमिका पूरी ताकत से निभाना आवश्यक है। 

संजय राऊत ने गुरुवार को पत्रकारों को बताया कि कांग्रेस पार्टी में नेतृत्व देने के लिए दूर-दूर तक दूसरा नेता नजर नहीं आ रहा है। कांग्रेस पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी की उम्र 70 वर्ष से अधिक हो गई है। इसी प्रकार अन्य नेताओं को भी अब भारतीय जनता पार्टी की तर्ज पर सलाहकार की भूमिका निभानी चाहिए। राऊत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में प्रियंका गांधी महासचिव हैं, लेकिन वह पूरा समय नहीं दे पा रही है। इसलिए राहुल गांधी के अतिरिक्त कांग्रेस पार्टी को मजबूती देने के लिए कोई अन्य नेता नजर नहीं आ रहा है। 
संजय राऊत ने कहा कि महाविकास आघाड़ी सरकार में कोई मतभेद नहीं है। जो कुछ मीडिया अथवा विपक्ष दिखाने का प्रयास कर रहा है, इस तरह का मतभेद लगभग सभी आघाड़ी की सरकारों में होना आम बात है। राऊत ने कहा कि इससे पहले राज्य में भारतीय जनता पार्टी व शिवसेना की आघाड़ी की सरकार थी। उस सरकार में भी शिवसेना के विधायकों को विकास फंड कम मिलता था। इसे लेकर शिवसेना विधायक नाराज रहा करते थे। इसी तरह हर मुद्दे पर भाजपा व शिवसेना में टकराव होता रहता था। संजय राऊत ने कहा कि महाविकास विकास आघाड़ी में शामिल तीनों दलों में किसी भी तरह का टकराव अब तक नजर नहीं आया है। तीनों दलों की समन्वय समिति गठित करने की बात हो रही थी लेकिन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने ही इसे नामंजूर कर दिया था। संजय राऊत ने कहा कि मुख्यमंत्री खुद तीनों दलों के नेताओं से चर्चा करते रहते हैं, इसलिए नाराजगी की बात सही नहीं है। 

error: Content is protected !!