– हर मंगलवार को नगर आयुक्त करेंगे सुबह 10 बजे जनसुनवाई
गाजियाबाद (हि.स.)। नगर निगम से सम्बंधित की शिकायतें अब पहले से ज्यादा त्वरित गति से निस्तारित होंगी। इसके लिए उत्तर-प्रदेश के नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने ‘संभव’ (सिस्टेमैटिक एडमिनिस्ट्रेटिव मैकेनिज्म फार ब्रिंगिंग हैपीनेस एंड वैल्यू)पोर्टल लांच कर चुके हैं। बुधवार को इस एप को लेकर नगर विकास मंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंस में दिशा निर्देश दिए । खास बात यह है कि अब एक ही पोर्टल से ऊर्जा व नगर विकास विभाग की निगरानी सम्भव होगी। साथ ही अफसरों की जवाबदेही भी तय होगी।
नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने बुधवार को बताया कि वेब पोर्टल लांच होने के बाद गाजियाबाद नगर निगम इसको लेकर सक्रिय हो गया है ताकि जनता को इसका ज्यादा से ज्यादा लाभ हासिल हो सके।
उन्होंने बताया कि यह पोर्टल विभाग की योजनाओं, व्यक्तिगत जनशिकायतों, विभागीय मुद्दे, परियोजनाओं एवं कार्यक्रमों की सतत निगरानी करेगा। पोर्टल लांच किए जाने के पीछे भाव यह है कि जो शिकायत जहां प्राप्त हो, वहीं उसका निस्तारण होना चाहिए। शिकायत निस्तारण में विलंब या गैर जिम्मेदारी सिद्ध होने पर दंड की व्यवस्था तय की गई है। नीचे से बिना निस्तारण के शिकायतें राज्य स्तर पर पहुंची तो इसे लापरवाही माना जाएगा।
उन्होंने कहा कि इसके जरिए विभागीय कार्यों में जवाबदेही तय करने के साथ ही पारदर्शिता लाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में उनके स्तर पर जनसुनवाई मंगलवार को 10 बजे होगी। जबकि हर महीने के पहले बुधवार को मंत्री एवं उच्चाधिकारियों के स्तर पर दोपहर 12 बजे से जनसुनवाई होगी।
फरमान अली
