देवरिया (हि.स.)। जनपद के दौरे पर गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी पहुंचे। इस दौरान पीडब्ल्यूडी डाक बंगला में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि पीएफआई सहित कोई भी संगठन अगर राष्ट्र के लिए खतरा उत्पन्न करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर निकाय चुनाव की तैयारियाें की रणनीति बनाई। बताया कि निकाय चुनाव में प्रत्याशियों का चयन सर्वसम्मति से किया जाएगा। पिछली बार अलीगढ़ और मेरठ को छोड़कर सभी नगर निगम के महापौर की सीट पर भाजपा का कब्जा था। इस बार इन सभी सीटों पर भाजपा की जीत होगी।
उन्होंने विपक्षी पार्टियों पर भी जमकर निशाना साधा। कहा कि कांग्रेस ने भले ही दूसरे को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया हो लेकिन परिवार की छाया से वह अलग नहीं हो सकता है। कांग्रेस परिवारवादी पार्टी है। इसी तरह सपा भी 1992 से 2022 तक परिवार की ही पार्टी बनकर रह गई है।
उन्होंने कहा कि नीतिश कुमार छवि पलटूराम की तरह है। ओमप्रकाश राजभर अगर पार्टी की विचारधारा से सहमत होकर भाजपा में आते हैं तो कोई परहेज नहीं हैं, क्योंकि भाजपा आनलाइन सदस्य बनाती है। कोई भी व्यक्ति पार्टी का सदस्य बन सकता हैं। उन्होंने कहा कि जनसंख्या बढ़ोत्तरी आज चुनौती बनी हुई है। इसको लेकर भाजपा गंभीर है।
ज्योति
