Saturday, April 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशराष्ट्र ऋषि दत्तोपंत ठेंगड़ी के जन्मदिवस पर यूपी में धार्मिक पर्यटन यात्रा...

राष्ट्र ऋषि दत्तोपंत ठेंगड़ी के जन्मदिवस पर यूपी में धार्मिक पर्यटन यात्रा का शुभारम्भ

श्रमिकों को नि:शुल्क धार्मिक पर्यटन यात्रा कराने वाला देश का पहला राज्य बना यूपी

लखनऊ (हि.स.)। राष्ट्र ऋषि दत्तोपंत ठेंगड़ी के जन्मदिवस के अवसर पर बुधवार को श्रम कल्याण परिषद (श्रम विभाग) उत्तर प्रदेश द्वारा श्रवण कुमार श्रमिक परिवार धार्मिक पर्यटन यात्रा का शुभारम्भ किया गया। श्रम व सेवा योजन मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य और श्रमिक कल्याण परिषद उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष सुनील भराला ने लखनऊ से तीर्थ यात्रियों की बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। श्रमिकों के परिजनों को लेकर बस अयोध्या के दर्शन कराने के लिए गरीब है।

इस मौके पर श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार ने श्रमिकों के हित के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाओं की शुरुआत की है। उसी क्रम में श्रवण कुमार श्रमिक परिवार धार्मिक पर्यटन यात्रा का शुभारम्भ किया गया।

श्रम कल्याण परिषद उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष सुनील भराला ने कहा कि श्रमिकों को धार्मिक पर्यटन यात्रा कराने वाला देश का पहला राज्य यूपी बन गया है। अन्य राज्य हमसे इस बारे में जानकारी मांग रहे हैं।

कहा कि राष्ट्रवाद को लेकर भारतीय मजदूर संघ काम कर रहा है। हम गैर राजनीतिक सोच के साथ मजदूर हितों के लिए काम करते हैं। उन्होंने कहा कि दत्तोपंत ठेंगड़ी हड़ताल के खिलाफ थे। वह कहते थे हड़ताल अंतिम विकल्प होना चाहिए। जिस उद्देश्य को लेकर दत्तोपंत ठेंगड़ी ने मजदूर संघ की स्थापना की थी। उस उद्देश्य को लेकर मजदूर संघ आज भी कार्य कर रहा है।

श्रम सलाहकार समिति के अध्यक्ष रघुराज सिंह ने कहा कि दत्तोपंत ठेंगड़ी कहते थे, मजदूरों के पसीने से देश चलता है। विश्व में केवल एक धर्म है, वह है सनातन धर्म। बाकी सब पंथ है। असली भाग्य विधाता इस देश का श्रमिक है।

अंतरराष्ट्रीय बौद्ध शोध संस्थान के अध्यक्ष भदंत शांति मित्र ने कहा कि श्रमिकों के लिए धार्मिक यात्रा का शुभारम्भ यह गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि जो मेहनत करता है, वह श्रमिक है। आजादी के बाद हमारी धार्मिकता ओझल होती जा रही है। मोदी और योगी धर्म से ओतप्रोत काम कर रहे हैं। जब हम श्रमजीवी होंगे तब भारत विश्व गुरु बनेगा।

भाजपा श्रम प्रकोष्ठ के सह संयोजक भूपेश अवस्थी ने कहा कि यूपी सरकार लगातार श्रमिकों के हित के लिए काम कर रही है। एक हज़ार चौपाल और एक हज़ार सह भोज का आयोजन भाजपा की तरफ से होगा।

उत्तर प्रदेश सिंधी अकादमी के उपाध्यक्ष नानक चंद लखमानी ने कहा कि दत्तोपंत ठेंगड़ी श्रमिकों की पीड़ा को समझते थे। इस मौके पर श्रम विभाग द्वारा प्रकाशित एक पत्रिका का विमोचन किया गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular