कानपुर (हि.स.)। मेसर्स वेव शुगर इंडस्ट्रीज लिमिटेड समूह की चीनी मिलों के क्वालिटी कण्ट्रोल एवं एनवायरनमेंट सेल के तकनीकी स्टाफ के लिए एक सप्ताह का प्रशिक्षण कार्यक्रम सोमवार को राष्ट्रीय शर्करा संस्थान में प्रारम्भ हुआ। ग्रुप की वर्तमान में चार चीनी मिले एवं एक डिस्टिलरी कार्यरत हैं और एक अन्य चीनी मिल चालू किया जाना प्रस्तावित है।
कार्यक्रम का शुभारम्भ करते हुए संस्थान के निदेशक नरेंद्र मोहन ने बताया कि प्रतिभागियों को सैद्धांतिक एवं प्रयोगात्मक दोनों प्रकार का प्रशिक्षण दिया जायेगा। ये प्रशिक्षण चीनी की प्रोसेसिंग के विभिन्न महत्त्वपूर्ण पहलुओं के साथ-साथ पॉल्यूशन कंट्रोल के पैरामीटर्स की एनालिसिस एवं कंट्रोल से भी सम्बंधित होगा।
सहायक प्रोफेसर शुगर टेक्नोलॉजी एवं कोर्स सीओ-ऑर्डिनेटर शैलेन्द्र त्रिवेदी ने कहा, हम प्रतिभागियों को विभिन्न प्रकार की चीनी के मानकों, इंटरनेशनल कमीशन फॉर यूनिफार्म मेथड्स ऑफ शुगर एनालिसिस के अनुसार उनके विश्लेषण के बारे में विस्तृत जानकारी देंगे। इसी प्रकार उनको जूस, सिरप और मोलासेस के विश्लेषण की जानकारी अत्याधुनिक इंस्ट्रूमेंट्स पर दी जाएगी।
संस्थान के सहायक प्रोफेसर आर्गेनिक केमिस्ट्री एवं कोर्स कन्वेनर डॉ विष्णु प्रभाकर श्रीवास्तव ने कहा कि, हम प्रतिभागियों को सैंपलिंग की तकनीकों के बारे मे भी प्रमुख रूप से बताएंगे क्योंकि रिप्रेजेन्टेटिव सैंपल प्राप्त होने पर ही उसके विश्लेषण द्वारा स्थिति का सही आकलन किया जा सकता है। इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों को विभिन्न क्वालिटी सर्टीफिकेशन्स के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।
मोहित
