Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेशराष्ट्रीय महिला आयोग के हस्ताक्षेप के बाद भागवताचार्य पर मुकदमा दर्ज

राष्ट्रीय महिला आयोग के हस्ताक्षेप के बाद भागवताचार्य पर मुकदमा दर्ज

मथुरा(हि.स.)। महिलाओं पर गलत टिप्पणी करने के मामले का राष्ट्रीय महिला आयोग की चेयरपर्सन रेखा शर्मा ने संज्ञान लिया है। उनके हस्ताक्षेप के बाद वृंदावन के प्रसिद्ध भागवताचार्य अनिरुद्धाचार्य के खिलाफ वृंदावन कोतवाली में मुकदमा दर्ज हुआ है।

आरोप है कि हाल ही में वृंदावन में भागवताचार्य अनिरुद्धाचार्य ने माता सीता और द्रौपदी का उदाहरण देते हुए स्त्रियों की सुंदरता को एक दोष बताया था। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कवि कुमार विश्वास ने इस पर ट्वीट करते हुए इस सोच को महिलाओं का अपमान बताया।

इसके बाद भागवताचार्य अनिरुद्धाचार्य का विरोध शुरू हो गया। इतना ही नहीं अनिरुद्धाचार्य के विवादित वक्तव्य के बाद मथुरा और वृंदावन के विद्वानों, संतों और सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने भी उनकी खिलाफत शुरू कर दी। मंगलवार की बीती रात को राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने कवि कुमार विश्वास के वीडियो ट्वीट का संज्ञान लेते हुए वृंदावन के कथावाचक अनिरुद्धाचार्य की आपत्तिजनक टिप्पणी पर कड़ा ऐतराज जताया।

आयोग ने इसे महिलाओं की गरिमा का हनन और अपमान बताया है। अध्यक्ष ने यूपी के डीजीपी डीएस चौहान को एक पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने अपमानजनक वक्तव्य को महिलाओं के प्रति गंभीर अपराध बताते हुए भागवताचार्य अनिरुद्धाचार्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने को कहा है। साथ ही साथ सात दिन के भीतर इस संबंध में की गई कार्रवाई की सूचना भी मांगी है।

राष्ट्रीय महिला आयोग के हस्ताक्षेप के बाद देर रात को ही वृंदावन कोतवाली में मयूर विहार वृंदावन निवासी पवन शर्मा की तहरीर पर अनिरुद्धाचार्य के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मुकदमा दर्ज होने पर अखिल भारतीय हिंदू महासभा के संजय हरियाणा ने कहा है कि आखिरकार उनके संगठन की मुहिम रंग लाई।

महेश

RELATED ARTICLES

Most Popular