नई दिल्ली । राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश समेत देश के कई राज्यों में कोरोना संक्रमण के मामलों में गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन अब ब्लैक फंगस ने चिंता बढ़ा दी है। ब्लैक फंगस को लेकर केंद्र सरकार की ओर से भी चिंता जताई गई है। साथ ही केंद्र की ओर से सभी राज्यों को पत्र लिखकर ब्लैक फंगस पर अलर्ट किया गया है। वहीं, कई राज्य ब्लैक फंगस को महामारी घोषित कर चुके हैं।
उल्लेखनीय है कि देश में बीते कई दिनों से 3 लाख से कम नए कोरोना केस सामने आ रहे हैं, जिससे थोड़ी राहत है। लेकिन कोविड महामारी से मरने वालों की संख्या में कमी नहीं है। वहीं, दक्षिणी राज्यों में अभी कोरोना संक्रमण के मामले अधिक हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार भारत में बीते 24 घंटे में कोरोना के 2.57 लाख से अधिक नए केस सामने आए हैं। जबकि, करीब 4200 कोरोना मरीजों ने दम तोड़ा है।
देश में बीते कुछ दिनों से पॉजिटिविटी रेट की तुलना में रिकवरी रेट बढ़ रहा है, लेकिन मौतों की संख्या में गिरावट नहीं आ रही है। आंकड़ों के अनुसार, देश में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या में लगातार कमी आ रही है। भारत में फिलहाल 30 लाख से कम एक्टिव केस हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा शनिवार 22 मई 2021 सुबह 8 बजे जारी किए गए कोरोना के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में कुल 2,57,299 नए केस सामने आए हैं। जबकि 3,57,630 लोग कोरोना से मुक्त हुए हैं। इस दौरान 4,194 लोगों की मौत हुई है। देश में कोरोना संक्रमितों का कुल आंकड़ा 2,62,89,290 पर पहुंच गया है, जबकि अब तक ठीक हुए मरीजों की संख्या 2,30,70,365 हो गई है। देश में कोरोना से 2,95,525 लोगों की मौत हो चुकी है। इस समय देश में कोरोना के कुल एक्टिव केस 29,23,400 हैं, जबकि 19,33,72,819 में अब तक वैक्सीनेशन किया जा चुका है।
राष्ट्रीय : बीते 24 घंटे में कोरोना के 2.57 लाख से अधिक नए केस आए, 4,194 मरीजों की मौत
RELATED ARTICLES
