Friday, February 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशराष्ट्रीय बाजार में डिजिटल पहुंच बढ़ाएगी ई-नाम मंडी, समृद्ध होंगे किसान :...

राष्ट्रीय बाजार में डिजिटल पहुंच बढ़ाएगी ई-नाम मंडी, समृद्ध होंगे किसान : अनुप्रिया

– श्रीअन्न की खेती पर जोर, बांटा सरसों का मिनी किट व बीज

– ब्लाॅक स्तरीय रबी कृषि निवेश व जैविक मेला, प्रदर्शनी का अवलोकन

मीरजापुर (हि.स.)। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्यमंत्री व मीरजापुर की सांसद अनुप्रिया पटेल ने कहा कि किसानों की सहूलियत के साथ डिजिटल पहुंच बढ़ाने व व्यापार के लेन-देन में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से सरकार ने ई-नाम के जरिए राष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराया है। इससे कृषि उपज के लिए एक राष्ट्र-एक बाजार की अवधारणा भी विकसित होगी। ई-नाम मंडी के जरिए राष्ट्रीय बाजार में किसानों के उपज का उचित मूल्य मिलता है और कृषि विपणन की आसान सुविधा मिलती है। ई-नाम केवल एक योजना नहीं है बल्कि यह एक यात्रा है जिसका उद्देश्य अंतिम मील पर किसान को लाभ पहुंचाना है और कृषि उपज बेचने के तरीके को बदलना है। इससे किसानों की आय बढ़ेगी ही, वे समृद्ध भी होंगे।

केंद्रीय मंत्री ने शुक्रवार को राजगढ़ ब्लाक में आयोजित ब्लाक स्तरीय रबी कृषि निवेश व जैविक मेला का उद्घाटन किया और कृषि विभाग के जैविक उत्पाद प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। कहा कि किसान अधिक से अधिक मात्रा में श्रीअन्न की खेती करें और उत्पादन करें। उनके उत्पाद की बिक्री के लिए सरकार प्रयास कर रही है। श्रीअन्न का समर्थन मूल्य भी निर्धारित है। किसान जैविक व प्राकृतिक खेती अपनाएं और जीवन को स्वस्थ बनाएं। मीरजापुर में भी ई-नाम मंडी राष्ट्रीय विपणन बाजार चालू है। इसके जरिए किसान अपनी उपज को राष्ट्रीय बाजार में बेच आमदनी बढ़ा सकते हैं। केंद्रीय मंत्री ने लगभग 210 किसानों को सरसों मिनी किट बीज निःशुल्क वितरित किया। कहा कि 25 नवम्बर को राजगढ़ में दिव्यांग व वयोश्री शिविर का आयोजन किया जाएगा। दिव्यांग व बुजुर्ग पंजीकरण करा लाभ उठाएं।

सभी पात्र सरकारी योजनाओं से किए जाएंगे आच्छादित

उप कृषि निदेशक विकेश कुमार पटेल ने योजनाओं की जानकारी दी। बताया कि राजगढ़ में आगामी सात दिसम्बर को विकसित भारत संकल्प यात्रा निकलेगी। इसके लिए पात्रों को सरकारी योजनाओं से आच्छादित किया जाएगा।

नैनो यूरिया के उपयोग के लिए किया प्रेरित

कृषि वैज्ञानिक डाॅ. एसएन सिंह ने बताया कि अंधाधुंध उर्वरक व रसायनों के प्रयोग से मिट्टी की उर्वरा शक्ति कम होती जा रही है। साथ ही नैनो यूरिया के उपयोग के लिए प्रेरित किया। वहीं जनपद सलाहकार डाॅ. सुधीर कुमार श्रीवास्तव ने श्रीअन्न यथा ज्वार, बाजरा, कोदो, सावां, रागी के महत्व व उपयोग बताया।

कमलेश्वर शरण/सियाराम

RELATED ARTICLES

Most Popular