नई दिल्ली : पांच राज्यों में हार के कारणों की समीक्षा के लिए गठित समिति की रिपोर्ट सौंपने के बाद कांग्रेस में बदलाव की तैयारी है। पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी समिति की सिफारिशों पर अमल करते हुए कई प्रदेश कांग्रेस और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) में बदलाव कर सकती हैं। कई प्रदेशों में नए सचिव नियुक्त कर पार्टी ने इसके संकेत भी दे दिए हैं।
इसके साथ चुनावी हार वाले प्रदेशों के प्रभारियों में बदलाव की उम्मीद है। पार्टी के एक नेता ने कहा कि रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदारी तय की जाएगी। कई प्रदेशों में भी नए अध्यक्षों की नियुक्ति होनी है। ऐसे में पार्टी प्रदेश में भी बदलाव कर सकती है। एआईसीसी में यह बदलाव वर्ष 2022 में होने वाले कई प्रदेशों विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए किए जाएंगे।
