Thursday, February 12, 2026
Homeराष्ट्रीयराष्ट्रीय : अरब सागर में डूबीं दो बड़ी नावों से 317 लोग...

राष्ट्रीय : अरब सागर में डूबीं दो बड़ी नावों से 317 लोग जिन्दा बचाए गए

– गैल कंस्ट्रक्टर नाव में सवार सभी 137 लोग बचाए गए, नौसेना और कोस्ट गार्ड का रेस्क्यू मिशन खत्म 
– पी-305 नाव में सवार 180 लोग सुरक्षित, 93 लोगों को खोजने के लिए नौसेना के तीन और जहाज तैनात 
सुनीत निगम
नई दिल्ली, 18 मई (हि.स.)। चक्रवाती तूफान ताउते से अरब सागर में मुंबई के पास डूबीं दो बड़ी नावों में सवार 410 लोगों में से 317 लोगों को नौसेना और तटरक्षक बल के संयुक्त ऑपरेशन में सुरक्षित बचा लिया गया है और अभी भी 93 लोग लापता हैं। समुद्र में डूबी ओएनजीसी की बार्ज गैल कंस्ट्रक्टर नाव में सवार सभी 137 को बचाकर नौसेना और तटरक्षक बल ने ​रेस्क्यू मिशन पूरा होने की घोषणा कर दी है। दूसरी बड़ी नाव बार्ज पी-305 के 93 लोगों को बचाने के लिए नौसेना और कोस्ट गार्ड ने राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया है। भारतीय नौसेना ने हेलीकॉप्टर पी-8आई और कई जहाजों को भी इस मिशन पर लगाया है।  

अरब सागर में सोमवार को चक्रवाती हवाओं और ऊंची उठती समुद्री लहरों के बीच दो बड़ी नावें बार्ज पी-305 और ओएनजीसी की नाव बार्ज गैल कंस्ट्रक्टर इंजन की खराबी के कारण तूफान के तेज प्रवाह में फंस गईं। गैल कंस्ट्रक्टर नाव चक्रवाती तूफान के बाद पानी के तेज बहाव के साथ कोलाबा पॉइंट के उत्तर में लगभग 48 समुद्री मील दूर चली गई थी।

आज सुबह से शाम तक चले ऑपरेशन में बार्ज पी-305 पर सवार कुल 180 लोगों को बचा लिया गया है जबकि नाव पर सवार 93 लोग अभी भी लापता हैं। भारतीय नौसेना ने समुद्र में डूबी नाव बार्ज पी-305 पर सवार 93 के बचाव अभियान में आईएनएस कोच्चि और आईएनएस कोलकाता के साथ-साथ तीन और जहाजों ब्यास, बेतवा और तेग को भी तैनात कर दिया है। मुंबई से 35 समुद्री मील दूर चल रहे राहत एवं बचाव कार्य में नौसेना ने अपने पी-8आई हेलीकॉप्टरों को भी लगाया है जो क्षेत्र में हवाई अभियान चला रहे हैं। 

समुद्र में डूबी दूसरी नाव ओएनजीसी की बार्ज गैल कंस्ट्रक्टर के चालक दल को बचाने के लिए भारतीय नौसेना ने सीकिंग हेलीकॉप्टर लॉन्च किया। मुंबई के उत्तर में चक्कर लगाकर हेलो हेलीकॉप्टर ने जीएएल कंस्ट्रक्टर के 35 क्रू मेंबर्स को रेस्क्यू किया। इस नाव पर सवार 137 लोगों को बचाने के लिए तटरक्षक बल ने भी अपने जहाज आईसीजीएस सम्राट को सतपाटी से और अन्य 4 जहाजों को महाराष्ट्र और गुजरात से समुद्र की लहरों के बीच डायवर्ट किया। कोस्ट गार्ड ने चेतक हेलीकॉप्टर को बचाव कार्य में लगाया, जिसने 102 लोगों को एयरलिफ्ट करके सुरक्षित रूप से पास के वाडरई तट पर स्थानांतरित कर दिया है। गैल कंस्ट्रक्टर के सभी 137 लोगों को सुरक्षित बचाए जाने के बाद नौसेना और तटरक्षक बल ने ​रेस्क्यू मिशन पूरा होने की घोषणा कर दी है। 

RELATED ARTICLES

Most Popular