Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशराष्ट्रवाद, एकात्म मानववाद तथा पंच निष्ठाओं से परिचित हो रहे भाजपाई

राष्ट्रवाद, एकात्म मानववाद तथा पंच निष्ठाओं से परिचित हो रहे भाजपाई

लखनऊ (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपने कार्यकर्ताओं की वैचारिक स्पष्टता, कार्यपद्धति तथा मूल सिद्धान्तों से परिचित कराने के लिए पूरे प्रदेश में प्रशिक्षण वर्ग लगा रही है। कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने के लिए पूर्णतया आवासीय व जिला सह प्रशिक्षण वर्ग लगाये जा रहे हैं। प्रदेश स्तर के सांघटनिक पदाधिकारी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित कर रहे हैं। इस दौरान भाजपाई कार्यकर्ता राष्ट्रवाद, एकात्म मानववाद तथा पार्टी के पंच निष्ठाओं की बारीकियों से परिचित हो रहे हैं।

भाजपा की ओर से इसके लिए बाकायदा प्रशिक्षण के लिए 10 प्रमुख बिन्दुओं को तय किया गया है। प्रशिक्षण वर्ग के जरिये भाजपा अपने कार्यकर्ताओं को राष्ट्रवाद, एकात्ममानववाद तथा पार्टी की पंच निष्ठाओं से उन्हें परिचित करा रही है।

एकात्मक मानववाद भाजपा का मूल दर्शन है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अपने सुदीर्घ चिन्तन के बाद सन् 1964-65 में इसका प्रतिपादन किया। इसी सिद्धान्त पर भाजपा चलती है। यह दर्शन हमें मनुष्य के शरीर, मन, बृद्धि और आत्मा का एकात्म यानि समग्र विचार करना सिखाता है। यह दर्शन मनुष्य और समाज के बीच कोई संघर्ष नहीं देखता, बल्कि मनुष्य के स्वाभाविक विकास-क्रम और उसकी चेतना के विस्तार से परिवार, गांव, राज्य, देश और सृष्टि तक उसकी पूर्णता देखता है। यह दर्शन प्रकृति और मनुष्य में मां का संबंध देखता है, जिसमें प्रकृति को स्वस्थ बनाए रखते हुए अपनी आवश्यकता की चीज़ों का दोहन किया जाता है। भाजपा का मानना है कि इसके आधार पर ही देश की नीतियां बननी चाहिये।

अन्त्योदय

अंत्योदय का दर्शन पार्टी के मार्गदर्शक सिद्धांतों में से एक है। इसी सिद्धांत को आज के समय में पार्टी सबका साथ सबका विकास के नाम से प्रचारित कर रही है। अन्त्योदय यानि अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक विकास की योजनाएं पहुंचे। अन्त्योदय के विचार से प्रेरित होकर ही भाजपा के केन्द्र व प्रदेश की सरकार ने तमाम योजनाएं बनाई हैं।

भाजपा की पंच निष्ठाएं

राष्ट्रवाद और राष्ट्रीय एकात्मता, लोकतंत्र, सामाजिक व आर्थिक विषयों पर गांधीवादी दृष्टिकोण, सकारात्मक पंथ-निरपेक्षता एवं सर्वपंथसमभाव तथा मूल्य आधारित राजनीति।

भाजपा किसी जाति या वर्ग विशेष की पार्टी नहीं: हरिश्चन्द्र श्रीवास्तव

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता हरिश्चन्द्र श्रीवास्तव ने हिन्दुस्थान समाचार से कहा कि भारतीय जनता पार्टी सिद्धांतों और आदर्शों पर आधारित राजनीतिक दल है। यह किसी परिवार, जाति या वर्ग विशेष की पार्टी नहीं है। भाजपा मूल्य आधारित राजनीति करती है। एकात्म मानववाद हमारा मूल दर्शन है। ‘भारत माता की जय’ के लिए पार्टी काम करती है। इन्हीं सब बिन्दुओं को लेकर पार्टी प्रदेश के सभी जिलों में प्रशिक्षण वर्गों का आयोजन कर रही है।

बृजनन्दन

RELATED ARTICLES

Most Popular