वाराणसी (हि.स.)। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के वाराणसी दौरे की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। जिला प्रशासन ने शनिवार को सुरक्षा तैयारियों को फाइनल पूर्वाभ्यास के बाद अन्तिम रूप दे दिया। इसके बाद पुलिस कमिश्नर ए सतीश गणेश ने पुलिस लाइन में फोर्स को ब्रीफ कर जवानों और अफसरों को अपने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर मुस्तैद रहने का निर्देश दिया। पुलिस कमिश्नर ए सतीश गणेश ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मातहत पुलिस अधिकारियों के साथ विमर्श कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। इसके पहले बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अन्तरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर एडवांस सिक्योरिटी लाइजनिंग की बैठक में सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार किया गया।
राष्ट्रपति गोरखपुर से वायुसेना के विशेष विमान से रविवार अपराह्न एक बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से सड़क मार्ग से वाहनों के काफिले में कड़ी सुरक्षा के बीच सीधे बनारस रेल इंजन कारखाना परिसर में आयेंगे। शाम को श्री काशी विश्वनाथ दरबार में दर्शन पूजन के बाद वापस बाबतपुर एयरपोर्ट आयेंगे और शाम को विशेष विमान से लखनऊ रवाना होंगे। राष्ट्रपति की सुरक्षा में 11 आईपीएस,तीन कंपनी पीएसी, 13 एडिशनल एसपी, 22 डीएसपी रैंक के अधिकारी , 80 उप निरीक्षक, 400 पुरुष सिपाही, 400 महिला सिपाही लगाए गए हैं। सुरक्षा के पहले घेरे मे एसपीजी,सैन्य अफसर व अन्य केंद्रीय सुरक्षा इकाइयों के अधिकारी,जवान तैनात रहेंगे।
श्रीधर
