-राष्ट्रपति पद के लिए विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के समर्थन में सपा
लखनऊ (हि.स.)। राष्ट्रपति चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की अध्यक्षता में पार्टी मुख्यालय पर शुक्रवार की सुबह शुरू हुई बैठक समाप्त हो चुकी है। राष्ट्रपति पद के लिए विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को सपा के सभी सांसद-विधायक समर्थन देने के लिए तैयार हैं।
विक्रमादित्य मार्ग स्थित सपा के दफ्तर में पार्टी के सांसदों-विधायकों ने सिन्हा के समर्थन मतदान के लिए सहमति प्रस्ताव पर हस्ताक्षर किये हैं। सहयोगी दल व सपा को मिला कर कुल 125 विधायक हैं। राज्यसभा में पांच सांसद हैं। खबर है कि बैठक में प्रोफेसर रामगोपाल यादव मौजूद रहे। अखिलेश के चाचा व प्रसपा के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव और आजम खान नहीं पहुंचे।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है। इस लिहाज से भारत के नये राष्ट्रपति को लेकर एनडीए की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने अपना नामांकन कर दिया है। वहीं, कांग्रेस और अन्य सहयोगी दलों ने यशवंत सिन्हा को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया है। राष्ट्रपति पद के लिए 18 जुलाई को मतदान होगा।
दीपक/दिलीप
