नई दिल्ली(हि.स.)। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और उपराष्ट्रपति एम वैंकेया नायडू ने सोमवार को अपने आवास के प्रांगढ़ में योग कर सातवां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया।
राष्ट्रपति कोविंद ने ट्विटर पर योगाभ्यास करते हुए चित्र साझा करते हुए देशवासियों को योग दिवस की शुभकामनाएं दी। राष्ट्रपति कोविंद ने लिखा, “अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की सभी को बधाई। हजारों वर्षों से लाखों-करोड़ों लोगों को स्वस्थ एवं खुशहाल जीवन का वरदान और शरीर एवं मन के संयोजन का साधन, योग के रूप में हमारे ऋषियों ने विश्व को दिया है। मानवता को यह भारत की अनुपम देन है। योग, कोविड-19 के संदर्भ में भी सहायक हो सकता है।”
वहीं उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू और उनकी पत्नी उषा नायडू ने आज उप-राष्ट्रपति निवास के लॉन में योग किया। उपराष्ट्रपति ने देशवासियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दी उपराष्ट्रपति नायडू ने महान योग गुरु बी.के.एस आयंगर के विचार साझा करते हुए कहा योग से युक्त, मन मस्तिष्क से विशुद्ध, जिसने स्वयं और इन्द्रियों पर विजय पा ली हो, वह कर्म करता हुआ भी निर्लिप्त अक्षुण्ण रहता है।
उन्होंने कहा योग विश्व कल्याण के लिए विश्व को भारत की अप्रतिम भेंट है। महामारी के दौर में जब शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य की देखभाल आवश्यक है, योग दैहिक, मानसिक और आध्यात्मिक खुशहाली का सार्थक माध्यम है। घर पर रह कर ही नित्य योगाभ्यास करें। सावधानी बरतें, सुरक्षित और स्वस्थ रहें।
राष्ट्रपति-उपराष्ट्रपति ने घर पर योग कर मनाया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
RELATED ARTICLES
