Wednesday, April 8, 2026
Homeउत्तर प्रदेश'राशन कार्डधारकों को मिला डबल राशन का उपहार'

‘राशन कार्डधारकों को मिला डबल राशन का उपहार’

मेरठ (हि.स.)। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के महा अभियान के अंतर्गत रविवार को मेरठ में 270 राशन की दुकानों पर लोगों को राशन मिलना शुरू हो गया। सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने साबुन गोदा क्षेत्र में अभियान की शुरूआत की।

मेरठ जनपद में रविवार को 270 दुकानों पर सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत नियमित योजना का राशन वितरण हुआ। पात्र गृहस्थी राशन कार्डधारकों को प्रति यूनिट तीन किलोग्राम गेहूं, दो किलोग्राम चावल के साथ-साथ प्रति पात्र गृहस्थी राशन कार्ड पर एक किलोग्राम नमक, एक लीटर सोयाबीन रिफाइंड और एक किलोग्राम चने का निःशुल्क वितरण किया गया। जबकि अंत्योदय राशन कार्डधारकों को प्रति अंत्योदय राशन कार्ड पर 20 किलोग्राम गेहूं, 15 किलोग्राम चावल के साथ-साथ एक किलोग्राम नमक, एक लीटर सोयाबीन रिफाइंड और एक किलोग्राम चने का निःशुल्क वितरण किया गया। मेरठ के सभी ब्लॉकों में जनप्रतिनिधियों के माध्यम से उचित दर दुकानों पर गेहूं, चावल, नमक, सोयाबीन रिफाइंड, चने के निःशुल्क वितरण का शुभारंभ किया।

मेरठ कैंट विधानसभा क्षेत्र के साबुन गोदाम क्षेत्र में रविवार को सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान पर प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्नयोजना के महा अभियान के अंतर्गत 05 लाभार्थियों को निशुल्क राशन वितरित किया। उन्होंने बताया कि नियमित खाद्यान्न वितरण के साथ-साथ उप्र सरकार द्वारा नमक, चने और रिफाइंड सोयाबीन वितरण किया जा रहा है। जबकि कोरोना काल से प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत सभी राशन कार्डों पर प्रति यूनिट तीन किलोग्राम गेहूं और दो किलोग्राम चावल का वितरण किया जा रहा है। दोहरा लाभ मिलने से राशन कार्डधारकों में खुशी की लहर दौड गई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद दिया।

कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular