रायबरेली(हि. स.)। मॉर्निंग वॉक के लिए निकली सास-बहू की एक सड़क हादसे में मौत हो गई। एक अज्ञात वाहन ने दोनों महिलाओं को बुधवार की सुबह रौंद दिया। जिससे मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है।
यह हादसा लखनऊ प्रयागराज राजमार्ग पर ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के मनीपुर भटेहरी गांव के पास बुधवार की सुबह हुआ। गांव निवासी मेवालाल की पत्नी कुसुम देवी (52) बुधवार की सुबह अपनी बहू मालती (22) पत्नी संदीप कुमार को लेकर लखनऊ-प्रयागराज मार्ग पर मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थी, तभी गांव के पास ही अज्ञात वाहन ने दोनों को रौंद दिया। जिससे मौके पर ही सास-बहू की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर तेजी से भाग गया। घटना की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों ने इस हादसे की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। कोतवाल बालेन्दु गौतम ने बताया कि मेवालाल के छोटे बेटे अमरजीत ने अज्ञात वाहन के विरुद्ध तहरीर दी है।
रजनीश/राजेश
