Saturday, April 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशरायबरेली में बोले मुख्यमंत्री योगी, हर समस्या की जड़ है कांग्रेस

रायबरेली में बोले मुख्यमंत्री योगी, हर समस्या की जड़ है कांग्रेस

– सपा बसपा में है भ्रष्टाचार में जींस, पूरे देश मे फैल रही है इनके इत्र की बदबू

रायबरेली (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को सोनिया गांधी के गढ़ में कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस, देश की हर समस्या की जड़ है। देश के हितों के साथ समझौता करना हो, उग्रवाद समस्या या जातीय और भाषाई दंगे सब कांग्रेस की देन है।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को रायबरेली के आटीआई मैदान में जनविश्वास यात्रा के समापन पर जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने रायबरेली सहित पूरे देश से कांग्रेस को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया। कहा कि जहां मां गंगा की पूजा होती हो वहां राम कृष्ण को नकारने वाले कैसे जीतते रहे यह समझ के परे हैं। देश की जनता यह बर्दाश्त नहीं कर सकती है। सबको याद है कि कैसे 2005 में रामसेतु को तोड़ने की साजिश रची गई थी और सुप्रीम कोर्ट में भगवान राम के अस्तित्व को ही नकारने का प्रयास हुआ था।

कहा कि वर्ष 2017 के पहले और अब में फर्क साफ दिखाई पड़ रहा है। सपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि 2017 में केवल 18 हजार प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुए थे जबकि आज 45 लाख आवास बन चुके हैं। दो करोड़ से जयादा शौचालय बनाये गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब यह पैसा विकास में लग रहा है और पहले लोगों की तिजोरियों में जाता था, जिसे अब जेसीबी से निकाला जा रहा है।

अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इत्र की यह भ्रष्टाचार रूपी बदबू पूरे देश में फैल रही है। अब यह समझ में आ रहा है कि सपा नोटबन्दी का विरोध क्यों करती थी।

मुख्यमंत्री ने सपा,बसपा और कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि भ्रष्टाचार इन सबके जींस में है। पहले हर पर्व और त्योहारों पर दंगे होते थे, लेकिन 2017 के बाद दंगाई सात पीढ़ी तक दंगा करने की सोच भी नहीं सकते। अब प्रदेश विकास में नम्बर एक की ओर आगे बढ़ रहा है और किसान, युवा खुशहाल हैं। जबकि पहले बदहाल होकर आत्महत्या के लिए मजबूर होते थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसके पहले रायबरेली में कई विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।

रजनीश

RELATED ARTICLES

Most Popular