रायबरेली (हि.स.)। सलोन कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को अपनी मंगेतर से मिलने आये एक युवक को ग्रामीणों ने प्रेमी समझकर उसे पीट दिया। शनिवार को पिटाई का वीडियो वॉयरल होने पर हरकत में आयी पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ़्तार कर लिया है। एक की तलाश जारी है।
सलोन कोतवाली क्षेत्र के नेम का पुरवा गांव निवासी की शादी इटौरा गांव थाना ऊंचाहार में हुई थी, जिसके बाद महिला ने अपनी छोटी बहन ज्ञानवती पुत्री रामधनी (19) की शादी अपने चचिया ससुर के लड़के शिवशरण से तय कर दी। घटना एक हफ्ता पुरानी है। युवक शिवशरण अपनी होने वाली मंगेतर ज्ञानवती से मिलने उसके गांव आया था। इसी दौरान गांव के कुछ अराजकतत्वों ने युवक और युवती को एक साथ देख लिया। जिसके बाद दोनों की जमकर पिटाई कर दी।
घटना से सम्बंधित वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कम्प मच गया। आनन-फानन सूची चौकी इंचार्ज मृत्युंजय बहादुर ने आरोपी युवक संजय, लालबाबू, मिथुन को गिरफ्तार कर लिया,जबकि चौथा आरोपी मनोज कुमार एवं अज्ञात आरोपियों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
चौकी इंचार्ज ने बताया कि लड़की के पिता रामधनी की तहरीर पर आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, सीओ सलोन इंद्रपाल सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी हुई है, आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी।
