Tuesday, February 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेशरायबरेली : बहला-फुसलाकर धर्मांतरण कराने के आरोप में ईसाई मिशनरी के दो...

रायबरेली : बहला-फुसलाकर धर्मांतरण कराने के आरोप में ईसाई मिशनरी के दो प्रचारक हिरासत में

रायबरेली (हि.स.)। धर्म परिवर्तन को लेकर इस समय गरमाई प्रदेश की राजनीति के बीच सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र में भी धर्मान्तरण का मामला सामने आया है। सोमवार को बहला फुसलाकर कर धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में दो युवकों को हिरासत में लिया गया है।

ऊंचाहार तहसील क्षेत्र के उसरैना गांव में ईसाई मिशनरियों के कुछ प्रचारक गांव में आकर ईसाई धर्म का प्रचार कर लोगों को बरगलाकर धर्म परिवर्तन को प्रेरित कर रहे थे। साथ ही कुछ स्थानीय लोगों के सहयोग से यह लोग अंतरी यादव के घर में प्रार्थना सभाएं कर रहे थे। ग्रामीणों को उनके कृत्य पर आशंका हुई तो उन लोगों ने डायल 112 पर फोन करके मामले की सूचना दी। मौके पर जब पुलिस पहुंची तो वहां भगदड़ मच गई। पुलिस ने शिवकुमार वर्मा निवासी अंतू प्रतापगढ़ सहित एक अन्य को हिरासत में लिया है। यह स्थान कोतवाली सलोन के अन्तर्गत आता है। इसलिए हिरासत में लिए गए दोनों लोगों को सलोन कोतवाली ले जाया गया।
हिरासत में लिए गये युवकों के पास से एक धर्म का साहित्य बरामद किया गया है। एक स्थानीय व्यक्ति मौके से भाग गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह लोग गरीब तबके के लोगों को बहला फुसलाकर उनका धर्म परिवर्तन करा रहे थे। फिलहाल सलोन पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। 
उल्लेखनीय है कि करीब पांच साल पहले ऊंचाहार नगर क्षेत्र से जुड़े एक भवन में भी इस तरह की गतिविधियों की सूचना पर ऊंचाहार पुलिस ने छापा मारा था। जिसमें कुछ लोगों के विरुद्ध कार्रवाई भी हुई थी। सलोन कोतवाल पंकज त्रिपाठी ने बताया कि दो लोगों से पूंछताछ की जा रही है। जांच के बाद कार्यवाही की जायेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular