रायबरेली (हि. स.)। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी शुक्रवार को रायबरेली दौरे पर एक अलग ही अंदाज में नजर आईं। पहले उन्होंने लोगों की शिकायतों को सुना, फिर जिलाधिकारी की छुट्टी को रद्द करवाया। वहीं वरिष्ठजनों के पांव छूकर आशीर्वाद ग्रहण किया। जन समस्याओं के निवारण में लोगों को उनकी चिर परिचित दीदी दिखायी पड़ीं।
अपनी यात्रा पर आयीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को लोगों ने राशन कार्ड, विधवा पेंशन आदि को लेकर शिकायतें की, जिस पर स्मृति ईरानी ने मंच से ही जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव से कहा कि आपकी रविवार की छुट्टी रद्द। लोगो ने जो पेंशन, आवास के लिये आवेदन किये हैं, इस मैदान पर कैंप लगाइये, जहां उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
वे यहीं नहीं रुकीं। उन्होंने आगे कहा कि जब तक मैं जीवित हूं, तब तक जनता को प्रशासन के दरवाजे पर जाने की जरूरत नहीं है। प्रशासन खुद जनता के पास आकर समस्याओं का निस्तारण करेगा। अगर मर भी गई तो भूत बनकर अमेठी के लिए कार्य करुंगी।
जिलाधिकारी को आदेश देते हुए स्मृति ईरानी ने कहा कि कल परशदेपुर की जनता के लिए सीएमओ सहित, बैंक के अधिकारी, कृषि विभाग, बिजली विभाग के अधिकारी यहां उपस्थित हों, ताकि जनता की जो समस्याएं हैं, उसका निस्तारण कल के कल हो।
