रायबरेली (हि.स.)। जनपद में मंगलवार को एक लोडर रेलवे लाइन पर फंस गया और त्रिवेणी एक्सप्रेस उसको रौंदते हुए आगे निकल गई। गनीमत यह रही कि बड़ा हादसा होने से टल गया।
दरअसल नगर कोतवाली क्षेत्र के एकौना गांव की क्रासिंग पर एक लोडर क्रासिंग को पार कर रहा था। इसी दौरान लोडर का पहिया ट्रैक में फंस गया और ट्रेन आने की वजह से क्रासिंग भी बंद हो गई। क्रासिंग पर वाहन को फंसा देखकर ड्राइवर घबरा गया। उसने देखा कि ट्रेन तेजी से उसकी ओर आ रही है। वह अपनी जान बचाने के लिए लोडर को वहीं छोड़कर कूद गया और उसकी जान बच गई। इसके बाद घटनास्थल पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सामने से आ रही त्रिवेणी एक्सप्रेस की टक्कर लोडर से हुई जिसके बाद वह दो टुकड़ों में बंट गया। यह गनीमत थी कि ड्राइवर समय रहते वाहन से कूद गया और बड़ा हादसा होते-होते टल गया। वहीं ट्रेन लोडर को रौंदते हुए आगे निकल गई। लोडर पूरे मांखा गांव निवासी अजीत साहू का है और वह लोडर लेकर रायबरेली की ओर जा रहा था।
उप निरीक्षक मालिक राम का कहना है कि रेलवे ट्रैक पार करते समय यह हादसा हुआ। कोई जनहानि नहीं हुई है। जीआरपी ने लोडर को कब्जे में ले लिया। उन्होंने बताया कि जल्दबाजी में ट्रेन से पहले क्रासिंग पार करने के चक्कर में यह हादसा हुआ है। किसी को भी ट्रेन आते समय इस तरह की जल्दबाजी नहीं दिखानी चाहिए। इससे जान जा सकती है।
रजनीश
