-कईयों के दबे होने की आशंका, बच्ची घायल
रायबरेली (हि. स.)। मौरंग से लदा तेज रफ़्तार ट्रक सोमवार को सुबह अचानक अनियंत्रित होकर एक होटल पर पलट गया। जिसमें दो लोगों की मौके पर मौत हो गई जबकि कई लोगों के दबे होने की आशंका है। मौके पर पुलिस और फायर ब्रिगेड द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
मिल एरिया थाना क्षेत्र के डिघिया चौराहे स्थित एक होटल में कुछ लोग सुबह चाय पी रहे थे। करीब साढ़े सात बजे एक तेज रफ़्तार ट्रक अचानक मुड़ा और होटल पर ही पलट गया। जिससे दुकानदार सहित होटल में बैठे कई लोग दब गए। आनन-फानन में घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों की मदद से मलबा हटाना शुरू कर दिया। तीन लोंगो को अब तक बाहर निकाला जा चुका है। जिसमें रफ़ीक (45) और शिवा (12) की मौके पर मौत हो चुकी थी। जबकि एक लड़की को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मलबे में कई अन्य लोगों के दबे होने की आशंका है।
मिल एरिया थानाध्यक्ष के अनुसार घटना सुबह की है। जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। मलबा हटाया जा रहा है। जिसके बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
