रायबरेली (हि.स.)। पंचायत चुनाव की आरक्षण सूची को लेकर जारी उहापोह आख़िरकार समाप्त हो गया। प्रधान, बीडीसी, डीडीसी और ग्राम पंचायत सदस्य पदों की आरक्षण सूची बुधवार देर रात जारी कर दी गई। हालांकि यह अनन्तिम सूची है और 8 मार्च तक आपत्तियां मांगी गई हैं। जिसके बाद अंतिम सूची 15 मार्च को जारी होगी।
रायबरेली की जारी सूची में अब गांव की सरकार में आधी आबादी की हिस्सेदारी एक तिहाई होगी, जिससेे उनका दबदबा और मजबूत होगा। 988 पदों में 336 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की गई हैं।इसमें अनुसूचित जाति महिला को 88 और पिछड़ी जाति महिला के हिस्से में 93 सीटें आईं हैं। महिलाओं के लिए 155 सीटें आरक्षित की गई हैं।
जिला पंचायत सदस्य के 52 पदों के आरक्षण की प्रस्तावित सूची भी प्रकाशित कर दी गई है। इसमें अनुसूचित जाति को 17 और पिछड़ी जाति के हिस्से में 14 सीटें आईं हैं। अनुसूचित जाति की 17 सीटों में छह अनुसूचित जाति महिला और पिछड़ी जाति की 14 सीटों में पांच सीटें पिछड़ी जाति की महिला के लिए आरक्षित की गईं हैं। सात सीटें अन्य महिला के लिए आरक्षित करने के साथ ही जिला पंचायत की 14 सीटों को अनारक्षित किया गया है। ब्लॉक प्रमुख के पदों में भी एक तिहाई हिस्सेदारी महिलाओं की रहेगी। कुल 18 पदों के सापेक्ष 6 महिलाओं के लिए आरक्षित किया गया है। इसमें डीह और छतोह अनु जाति, सलोन और दीनशाह गौरा पिछड़े वर्ग जबकि खीरों और अमावां सामान्य महिला के लिए आरक्षित है। जबकि डलमऊ, महराजगंज और रोहनिया अनु. जाति, राही और ऊंचाहार पिछड़े वर्ग, सरेनी, लालगंज, हरचंदपुर, सताव, बछरावां, जगतपुर शिवगढ़ को अनारक्षित रखा गया है।
सूची प्रकाशन में हुई देरी, अफवाहों का बाजार गर्म
जिले में पंचायत चुनावों की आरक्षण सूची में काफी लेटलतीफी हुई। जिसके कारण दो दिन तक अफवाहों और कयासों का बाजार गर्म रहा। इस बीच कई फर्जी आरक्षण सूची भी सोशल मीडिया में वायरल होती रहीं। प्रकाशन में देरी के कारण चुनावों के निरस्त होने की अफवाहें उड़ती रही। जिला मुख्यालय सहित गांव-गांव तक मे संभावित उम्मीदवार और उनके समर्थकों की भीड़ जुटी रही। हालांकि देर रात सूची के आने से इनसब पर विराम लग गया और इस अनन्तिम सूची के बाद से चुनावी माहौल एक बार फिर गर्मा गया है।
रायबरेली : गांव की सरकार में आधी आबादी का और मजबूत होगा दबदबा
RELATED ARTICLES
