Friday, February 20, 2026
Homeउत्तर प्रदेशरायबरेली : अंतिम संस्कार से लौट रहे बाइक सवार चार लोगों की...

रायबरेली : अंतिम संस्कार से लौट रहे बाइक सवार चार लोगों की सड़क हादसे में मौत

रायबरेली (हि.स.)। अंतिम संस्कार से लौट रहे चार लोगों की बुधवार को सरेनी क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। सभी मृतक एक बाइक पर सवार थे। तेज रफ़्तार कार ने बाइक सवारों को रौंद दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम भेजकर कार सवार एक युवक को गिरफ्तार कर कार्रवाई में जुट गई है।

बुधवार की शाम करीब तीन बजे एक बाइक पर सवार चार लोग सरेनी से एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए फतेहपुर गंगा घाट गए थे। अंतिम संस्कार के बाद वह लौट रहे थे। तभी फतेहपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कार्पियो ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोगों की मौके पर जबकि एक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतकों की शिनाख्त के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतकों की पहचान फतेहपुर जनपद के असनी थाना क्षेत्र के हुसैनगंज निवासी दिनेश (18), नीलम उर्फ गुज्जो (15), नन्कई उर्फ सीता (45), शिववती उर्फ मोनी (58) के रूप में हुई है। पुलिस ने जेसीबी से सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त हुई मोटर साइकिल और स्कॉर्पियो को सड़क से किनारे हटाया, तब यातायात बहाल हो सका।

सरेनी थाना के इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हुई है। घटना में शामिल स्कार्पियो को कब्जे में लेकर एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular