– विजय सिंह बिन्नू के संयोजन में आयोजित हुआ व्यापारी महासम्मेलन
अयोध्या (हि.स.)। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश सरकार के आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने शनिवार को यहां कहा कि भाजपा ने राम मंदिर व राम के नाम को कभी चुनाव में इस्तेमाल नहीं किया।
यह हमारा संकल्प था है और रहेगा। अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनना चाहिए और अब बन रहा है और उस संकल्प को हमारी सरकार पूरा कर रही है। हमारा और हमारी पार्टी के कार्यकर्ताओं का लक्ष्य 2024 का लोकसभा चुनाव है, सभी का लक्ष्य कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक बार फिर से पूर्ण बहुमत की सरकार बने।
नितिन अग्रवाल मारवाड़ी भवन में शनिवार को उप्र उद्योग व्यापार संगठन द्वारा आयोजित व्यापारी महासम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश की सरकार बनाने में व्यापारियों का बड़ा योगदान रहा है। उत्तर प्रदेश का व्यापारी भाजपा के पक्ष में लगातार रहा है। लगातार मतदान करता भी आ रहा है। हमारा लक्ष्य 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रदेश के व्यापारी पूरी एकजुटता के साथ रहें। भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में माहौल भी बनाएं और मतदान भी करें, जिससे प्रदेश की 80 की 80 सीटें भाजपा जीत सके। उन्होंने कहा कि अयोध्या के व्यापारियों की समस्याओं को जनप्रतिनिधियों के साथ मुख्यमंत्री से मिलकर हर सम्भव मदद करायी जाएगी।
सम्मेलन का संयोजन संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं अयोध्या मंडल प्रभारी विजय सिंह बिन्नू ने किया। इस अवसर पर नगर निगम महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, अयोध्या सांसद लल्लू सिंह, बीकापुर विधायक अमित सिंह , भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।
पवन
